गाजीपुर : गहमर थाने में जलजमाव से पुलिसकर्मी और फरियादी परेशान,महीनों बनी रहती है समस्या

गाजीपुर ( विवेकानंद राय) । थाने में पानी है या पानी में थाना ” यह सवाल इन दिनों गहमर थाना परिसर की तस्वीर देखकर सहज ही उठता है। बारिश होते ही गहमर थाना और उसके आसपास का इलाका भारी जलजमाव की चपेट में आ जाता है। हालात ऐसे हैं कि पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों के साथ-साथ पानी के बीच आने-जाने की परेशानी से भी जूझना पड़ रहा है । गहमर थाने में आने वाले फरियादियों की मुश्किलें भी कम नहीं हैं। अपनी शिकायत लेकर थाने पहुंचने वाले लोगों को जलभराव से होकर गुजरना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई नई समस्या नहीं है। कई वर्षों से बारिश के मौसम में थाने और आसपास के क्षेत्र में महीनों तक जलजमाव बना रहता है, लेकिन इसके स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है । बताया जा रहा है कि जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने और आसपास के नालों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण बारिश का पानी लंबे समय तक जमा रहता है। गहमर थाना से स्टेशन रोड की ओर करीब 200 मीटर तक जलजमाव आम नागरिकों के साथ-साथ पुलिसकर्मियों के लिए भी परेशानी का सबब बना हुआ है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब एक पुलिस थाना, जहां रोजाना अधिकारी, पुलिसकर्मी और बड़ी संख्या में फरियादी आते-जाते हैं, वहां जलनिकासी की यह स्थिति वर्षों से बनी हुई है, तो आम नागरिकों की समस्याओं का अंदाजा सहज लगाया जा सकता है। बारिश के दिनों में जलभराव के कारण आवागमन प्रभावित होने के साथ ही गंदगी और मच्छरों का प्रकोप बढ़ने की आशंका भी बनी रहती है। इसके बावजूद स्थानीय प्रशासन से लेकर जिला प्रशासन तक इस समस्या का स्थायी समाधान कराने में अब तक सफल नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों की मांग है कि नालों की तत्काल सफाई कराकर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था की जाए और गहमर थाना व स्टेशन रोड के आसपास होने वाले जलजमाव का स्थायी समाधान कराया जाए। अब देखने वाली बात यह होगी कि “थाने में पानी या पानी में थाना की यह तस्वीर प्रशासन की नजर कब तक पहुंचती है और वर्षों पुरानी इस समस्या से पुलिसकर्मियों तथा फरियादियों को आखिर कब निजात मिलती है ।



