गाजीपुर:पोखरे में गिरा विद्युत तार, मरी हजारों मछलियां,जर्जर तार बदलने की मांग

त्रिलोकी नाथ राय
गाजीपुर।भांवरकोल ब्लॉक अंतर्गत गोड़ी गांव में पोखरे में गिरे बिजली के तार से हजारों मछलियों की मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि अक्सर जर्जर तारों की वजह से ग्रामीणों में भय बना रहता है। टूटे हुए जर्जर तार की वजह से ही मंगलवार रात बड़ा हादसा हो गया, जब 440 वोल्टेज का जर्जर बिजली का तार अचानक किसान लालबाबू शर्मा के पोखरे में गिर गया। इससे पोखरे में पाली गई हजारों मछलियां मौके पर ही मर गईं, जिससे किसान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ।
मछली पालक लालबाबू शर्मा ने बताया कि उन्होंने जून माह में हजारों रुपये की लागत से मछलियों का बच्चा डालकर पालन शुरू किया था। अब मछलियां बिकने लायक तैयार थीं, तभी यह हादसा हो गया। शर्मा ने आरोप लगाया कि खैराबारी विद्युत उपकेंद्र की लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई। उन्होंने कहा कि अगर समय पर जर्जर तारों की मरम्मत कर दी जाती, तो यह नुकसान नहीं होता।लालबाबू शर्मा ने बताया कि उन्होंने हल्के के लेखपाल और विद्युत विभाग को सूचना दे दी है। लेखपाल रामकृत ने बताया कि घटना की सूचना मिल गई है, मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी और नियमानुसार किसान को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि गांव में पुराने और जर्जर तारों को तत्काल बदला जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग की लापरवाही के कारण ही यह हादसा हुआ है, और वे इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हैं।




