आजमगढ़:अलग-अलग सड़क हादसे में महिला समेत दो की मौत

गोविन्द लाल शर्मा
आजमगढ़। जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर सड़क हादसों ने दो लोगों की जान ले ली। पहला हादसा कप्तानगंज क्षेत्र के अहरौला थाना अंतर्गत खादारामपुर गांव के पास शुक्रवार दोपहर हुआ। खिरीडीहा गांव निवासी मुनीता निषाद (32) अपने भतीजे डब्लू के साथ बाइक से लौट रही थीं। रास्ते में अचानक सामने आई नीलगाय से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर के बाद मुनीता सड़क पर गिर पड़ीं और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। परिजन उन्हें तुरंत सदर अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मृतका तीन बेटियों और दो बेटों की मां थीं। मौके पर पहुंची अहरौला थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
दूसरी घटना देवगांव कोतवाली क्षेत्र के देवगांव-ज्यूली मार्ग पर शनिवार शाम हुई। यहाँ ग्राम कम्मरपुर निवासी अरविंद कुमार (33) अपनी बाइक से ससुराल चौकी देवगांव जा रहे थे। तेज रफ्तार स्कूटी से उनकी टक्कर हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल अरविंद को स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस की मदद से लालगंज के संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अरविंद अपने परिवार में सबसे छोटे बेटे थे।




