गाजीपुर : होर्डिंग प्रकरण को लेकर सपा ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

दोषियों पर कार्रवाई की मांग
प्रमोद सिन्हा
गाजीपुर। शहर के प्रमुख चौराहों पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की छवि खराब करने के उद्देश्य से लगाए गए कथित आपत्तिजनक होर्डिंग्स को लेकर सोमवार को सपा का प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष गोपाल यादव के नेतृत्व में जिलाधिकारी से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने होर्डिंग्स को तत्काल हटवाने के साथ ही उन्हें लगाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की।
इससे पूर्व समता भवन में सपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक का संचालन जिला महामंत्री कन्हैया लाल विश्वकर्मा ने किया। बैठक के बाद पार्टी नेताओं का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मिलने पहुंचा और पूरे प्रकरण से अवगत कराते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की। जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने कहा कि शहर के प्रमुख स्थानों पर रातोंरात इस तरह के होर्डिंग लगाए जाना गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि ऐसे कृत्यों से जनपद की शांति और सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने पुलिस एवं खुफिया तंत्र की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों को चिन्हित करने की मांग की।
गोपाल यादव ने कहा कि होर्डिंग्स में जिन जनप्रतिनिधियों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है, वे लोकसभा और विधानसभा के सदस्य रह चुके हैं तथा जनता द्वारा निर्वाचित किए जाते रहे हैं। ऐसे जनप्रतिनिधियों को आपत्तिजनक तरीके से प्रदर्शित करना उनके साथ-साथ उन्हें चुनने वाली जनता का भी अपमान है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर होर्डिंग लगाने वालों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में तत्काल कार्रवाई नहीं हुई तो समाजवादी पार्टी आंदोलन करने को बाध्य होगी।
सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि जनपद में सामाजिक एवं सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है। किसी भी व्यक्ति अथवा समूह द्वारा माहौल खराब करने का प्रयास किया जाता है तो उसके खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल में विधायक जै किशन साहू, विधायक शोएब अंसारी उर्फ मन्नू अंसारी, पूर्व सांसद जगदीश कुशवाहा, पूर्व विधायक खुर्शीद अहमद, पूर्व विधायक त्रिवेणी राम, पूर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, डॉ. नन्हकू यादव, अरुण कुमार श्रीवास्तव, निजामुद्दीन खां, मदन यादव, विभा पाल, रीना यादव, सूरज राम बागी, सुशील जायसवाल, सत्येंद्र यादव सत्या, तहसीन अहमद, अमित ठाकुर, अशोक कुमार बिंद, डॉ. समीर सिंह, जय हिंद यादव, परशुराम बिंद, प्रभुनाथ राम, अक्षय यादव, शेर अली, कृष्णानंद यादव, अनिल यादव, राजेंद्र यादव, राजेंद्र बनवासी सहित अन्य नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



