
गोविन्द लाल शर्मा
आजमगढ़। मरकज़ी सीरत कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद शाहिद खान की अगुवाई में बारह रबीउल अव्वल के मौके पर नगर में जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी का भव्य जुलूस निकाला गया। निस्वा इंटर कॉलेज से शुरू हुए इस जुलूस में अंजुमनों ने नातिया कलाम पेश करते हुए हज़रत मोहम्मद सल्लल्लाहु ताला अलैहि वसल्लम की शान में अकीदत का इज़हार किया। “नारे तकबीर – अल्लाह हू अकबर” और “नारे रिसालत – या रसूल अल्लाह” की सदाओं से शहर की फिजा गूंज उठी।
जुलूस शिब्ली कॉलेज, पहाड़पुर, कोट, टेढ़िया मस्जिद, राजा का किला, दलाल घाट, पुरानी कोतवाली चौक, सब्जी मंडी, कटरा, कर्बला और बदरका होते हुए पांडेय बाजार से जामा मस्जिद पर आकर समाप्त हुआ। हर पड़ाव पर अंजुमनों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। पहाड़पुर में अंजुमन गुलशन-ए-रसूल द्वारा अंजुमनों को इनाम देकर सम्मानित किया। कोट में लगाए गए स्टालों पर भी अंजुमनों को इनाम वितरित किए गए।जुलूस की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन ने कड़ी व्यवस्था की थी। इस अवसर पर कांग्रेस शहर अध्यक्ष काजी रियाजुल हसन, पूर्व शहर अध्यक्ष मो० नज़्म शमीम, आजमगढ़ पब्लिक स्कूल के प्रबंधक मुशीर अहमद, समीर अहमद, गोविन्द शर्मा आदि अनेकों लोग मौजूद रहें।




