
बलिया। नगर पंचायत मनियर में अध्यक्ष पद के लिए शुक्रवार को चुनाव सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण से संपन्न हो गया। 19438 मतदाताओं में से 8847 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। कुल मतदान प्रतिशत 45.51 रहा।
बताते चले की नगर पंचायत मनियर में 2023 में चुनाव हुए थे जिसमें रितु देवी पत्नी नथुनी गोंड़ निर्वाचित घोषित हुई थी। न्यायालय द्वारा शैक्षणिक प्रमाण पत्र में कूट रचना किए जाने के कारण उनका पद अयोग्य घोषित कर दिया गया था। रिक्त हुए पद का चुनाव शुक्रवार को संपन्न हुआ। इसकी मतगणना 5 मई को सुबह आठ बजे से बांसडीह इंटर कॉलेज में किया जाएगा।
बतातें चलें कि नगर पंचायत मनियर में सात मतदान केंद्र बनाए गए थे। जिसमें 25 बुथों पर चुनाव हुआ। चार प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे जिनमें भारतीय जनता पार्टी से बुचिया देवी पत्नी घूरा गोंड़,समाजवादी पार्टी से धनवती देवी पत्नी राम जन्म गोंड़ एवं निर्दल प्रत्याशी सुभावती पत्नी मदन प्रसाद एवं देवांती पत्नी सरजू गोंड़ है। चारों प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटिका में शाम पांच बजे बंद हो गया।

चुनाव के दौरान जिला अधिकारी बलिया प्रवीण कुमार लक्षकार,एसपी बलिया ओमवीर सिंह,एडीएम अनिल कुमार,एसडीएम बांसडीह अभिषेक प्रियदर्शी,सी ओ बांसडीह प्रभात कुमार सहित अन्य अधिकारी गण मतदान केंद्रों का निरीक्षण किये। जिलाधिकारी बलिया प्रवीण कुमार लक्षकार ने कहा कि नगर पंचायत मनियर में अध्यक्ष पद का उपचुनाव चल रहा है। जो पूर्व में यहां अध्यक्ष थी उनको न्यायालय द्वारा अयोग्य घोषित कर दिया गया था। तो अध्यक्ष पद रिक्त चल रहा था। इस पद के लिए मतदान हो रहा है। मतदान शांतिपूर्ण चल रहा है। आगे भी शांतिपूर्ण रहने की संभावना है।
पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह ने बताया कि पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए हैं। शांतिपूर्ण मतदान चल रहा है। सात बजे सुबह से शाम पांच बजे तक मतदान हुआ ।सभी जगह व्यवस्था चाक चौबंद रही।कुल मिलकर मतदान शांति पूर्ण रूप से संपन्न हो गया।




