
बलिया। सुखपुरा थाना क्षेत्र के बेरुआरबारी- बांसडीह मुख्य मार्ग पर बभनौली मोड़ के समीप शनिवार की देररात बाइक व स्कार्पियो में टककर हो गई। इस घटना में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां एक युवक की स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने मऊ के लिए रेफर कर दिया। मऊ से भी वाराणसी बीएचयू के लिए रेफर कर दिया गया। वहां जहां ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
गड़वार निवासी प्रद्युम्न साहनी (25) पुत्र स्व. लालमोहर अपने भांजे गोलू निवासी रामपुर चिट के साथ बाइक द्वारा शनिवार शाम को मनियर एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गए थे। वहां से आधी रात को लौटते समय बेरुआरबारी- बांसडीह मुख्य मार्ग पर बभनौली मोड़ के समीप विपरीत दिशा से आ रही एक स्कार्पियो ने टक्कर मार दिया। इस घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पीछे से दूसरे बाइक पर आ रहे घायल युवकों के दोस्तों ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहीं घटना के बाद स्कार्पियो चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल प्रद्युमन साहनी को मऊ के लिए रेफर कर दिया। मऊ से भी चिकित्सकों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। वाराणसी ले जाते समय प्रद्युम्न ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं दूसरे घायल युवक गोलू का इलाज जिला चिकित्सालय में चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। मृत युवक मजदूरी का काम करता था जो अविवाहित था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।