
तिलक कुमार/बलिया। फेफना थाना क्षेत्र के माल्देपुर गंगा घाट पर गुरुवार सुबह स्नान करने गए एक युवक की गंगा में डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही फेफना पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव की तलाश शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, दीपू यादव (18) पुत्र शंकर यादव, निवासी शिवपुर दियर, नगर कोतवाली क्षेत्र, वर्तमान में रामपुर उदयभान में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। उन्होंने हाल ही में कुँवर सिंह इंटर कॉलेज से कक्षा 12वीं की परीक्षा दी थी। बताया जाता है कि गुरुवार सुबह दीपू अपने मित्र धनंजय कुमार के साथ माल्देपुर गंगा घाट पर स्नान करने पहुंचे थे। स्नान के दौरान दीपू गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उन्हें बचाने के प्रयास में धनंजय भी पानी में डूबने लगा, लेकिन घाट पर मौजूद नाविकों ने तत्परता दिखाते हुए धनंजय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, दीपू गंगा की तेज धारा में लापता हो गए। घटना की सूचना पर फेफना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कर दी। थानाध्यक्ष अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि एनडीआरएफ टीम को सूचना दे दी गई है। पुलिस एवं राहत दल युवक के शव की तलाश में जुटे हुए हैं। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है तथा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।




