मिर्जापुर : लूट की घटना को अंजाम दे भाग रहा हिस्ट्रीशीटर पुलिस की गोली से घायल,गिरफ्तार

तारा त्रिपाठी (मीरजापुर)। 22अगस्त को थाना अहरौरा अन्तर्गत ग्राम हिनौता स्थित टोलप्लाजा के पास एक ट्रक चालक से एक रुपए से भरा पर्स और एक मोबाइल की लूट करने वाला वांछित अभियुक्त 27 अगस्त कोअहरौरा पुलिस ने सुरभि शोध संस्थान हिनौता मार्ग से गुजरते वक्त मुखबिर की सूचना के आधार पर गिरफ्तार करने सफलता प्राप्त की है। मिली जानकारी के अनुसार उक्त अभियुक्त शातिर हिस्ट्रीशीटर है और 22 अगस्त को घटना को अंजाम देकर 27 अगस्त को ग्राम हिनौता के सुरभि शोध संस्थान के पास से अपने कुछ साथियों के साथ जा रहा है। मुखबिर की सूचना के आधार पर जब थानाध्यक्ष अहरौरा अजय कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस ने उसकी घेराबन्दी की तो वह गिरफ्तारी से बचने हेतु पुलिस टीम फायरिंग कर भागने लगा।अहरौरा पुलिस टीम ने जब आत्मरक्षार्थ जबाबी फायरिंग की तो अभियुक्त के बाये पैर में गोली लगने से गिरकर कराहने लगा। पूछने पर उसने अपना नाम जावेद पुत्र इस्लाम निवासी दुर्गा जी पहाड़ थाना अहरौरा जिला मीरजापुर उम्र 23वर्ष बताया। उसके अन्य साथी भागने में सफल हो गये जिसकी पुलिस को तलाश है। तलाशी में उसके पास से एक अदद देशी तमन्चा एक जिन्दा एक खोखा कारतूस 315 बोर लूट के 5300 रूपए नगद और वादी का आधार कार्ड बरामद हुआ। अभियुक्त को इलाज हेतु प्रथमिक स्वास्थ्य केन्द्र अहरौरा भेजवाया गया। उक्त घटना की थाना अहरौरा में अभियोग पंजीकृत कर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाई की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त थाना अहरौरा का हिस्ट्रीशीटर भी है और उसपर कई मुकदमें दर्ज है। ज्ञातव्य हो कि अहरौरा शक्तिनगर मार्ग बहुत ही व्यस्त मार्ग है। इसपर रोज हजारो ट्रके, बस, कार दोपहिया वाहन आते जाते रहते हैं।सुनसान जगह देखकर कामर्शियल ट्रको पर अराजक तत्वों की निगाह बनी रहती है और वे लूट का अंजाम देना ऐसी जगहों पर आसान समझते हैं। इसी तरह 22 अगस्त को लूट का अंजाम देने वाले अभियुक्त की जल्द ही पुलिस की पकड़ में आ जाने से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। थानाध्यक्ष अहरौरा अजय कुमार मिश्र और उनकी मय टीम की क्रियाशीलता के प्रति क्षेत्रवासियों ने सराहना की है।



