आगरा:खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा मिलावटी अनुपयुक्त / असुरक्षित पनीर कराया गया नष्ट

आकाश वर्मा
आगरा। सहायक आयुक्त खाद्य महेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उ०प्र० लखनऊ के आदेश के क्रम में जिलाधिकारी आगरा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग जनपद आगरा द्वारा मिलावटी खाद्य पदार्थ पनीर के विक्रय पर सतत अभियान चलाया जा रहा है। उक्त के क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के गठित दल द्वारा आज शनिवार को समय लगभग 09:30 बजे प्रातः स्थान- श्यामो मोड, शमशाबाद रोड, थाना- ताजगंज आगरा पर ईको DL8CA3463 को अधिसूचना के आधार पर रोका गया और आस-पास के व्यक्तियो को बुलाकर उक्त गाड़ी में रखे ड्रमो में रखे पनीर का निरीक्षण किया गया। मौके पर उक्त वाहन में चालक / खाद्य कारोबारकर्ता जितेन्द्र सिंह पुत्र उत्तम सिंह, नि०- गदा वाला चौक, बसई कविलाल, बसई घियाराम, धौलपुर, राजस्थान मिले। निरीक्षण के दौरान ड्रमों में रखे पनीर में मक्खियां, मच्छर, जीवित व मृत पाये गये तथा पनीर में दुर्गन्ध आ रही थी। पनीर का नमूना नियमानुसार संग्रहीत कर जाँच हेतु भेजा गया एवं शेष पनीर जब्त किया गया। अस्वच्छकर व अस्वस्थकर परिस्थितियों में पनीर भण्डारित होने एवं मानव उपभोग हेतु अनुपयुक्त / असुरक्षित पाए जाने तथा विनश्वर प्रकृति का होने के कारण लगभग 334 किग्रा. पनीर मूल्य लगभग 90,185/- को नियमानुसार नष्ट कराया गया। पनीर एवं अन्य खाद्य पदार्थों के 8 नमूने संकलित किये गये। हालांकि इससे मिलावट खोरी पर कितनी और कब लगाम लगती है यह तो आने वाला समय ही बताएगा। दरअसल आगरा में बड़े पैमाने पर मिलावट खोरी होती हैं। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा त्योहारों के समय ही या कभी कभी छापेमारी के कारण यह मिलावट खोरी नहीं रुक रही।




