गाजीपुर : भरतपुर गांव में दिखा तेंदुआ,वन विभाग का सर्च अभियान जारी

गाजीपुर। बहरियाबाद थाना क्षेत्र के भरतपुर गांव में तेंदुओं की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। खेतों में मिले पगचिह्नों और ग्रामीणों की ओर से तेंदुए की तस्वीर मोबाइल में कैद किए जाने के बाद वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई है। शुक्रवार देर रात से शुरू हुआ सर्च अभियान शनिवार देर शाम तक जारी रहा। इस दौरान पिंजरे, ट्रैप कैमरे, टॉर्च और अन्य उपकरणों की मदद से खेतों तथा झाड़ियों में तलाश की गई, लेकिन तेंदुओं का पता नहीं चल सका। ग्रामीणों के अनुसार, घटना से दो दिन पहले दरोगा सिंह और शैलेश सिंह के खेत में धान की कटाई कर रहे हार्वेस्टर चालक ने एक साथ तीन तेंदुए देखे थे। उस समय ग्रामीणों ने उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया। इसके बाद गांव के कोटेदार खूबे लाल सिंह और अवध राज सिंह के घर के पास बच्चों ने तेंदुए की तस्वीर मोबाइल फोन में कैद की। बताया गया कि संतोष सिंह के पुत्र शिवांश उर्फ देवांश ने भी घर के पास तेंदुए की तस्वीर ली थी। तस्वीर सामने आने के बाद गांव में हलचल मच गई और ग्रामीणों ने इसकी सूचना बहरियाबाद पुलिस को दी। सूचना मिलने पर शुक्रवार देर रात वन विभाग की टीम गांव पहुंची और खोजबीन शुरू की। शनिवार सुबह भी अभियान जारी रहा। इस दौरान अवध राज सिंह के घर के सामने गीली मिट्टी में तेंदुए के पगचिह्न मिले। वन विभाग की टीम ने पगचिह्नों के आधार पर नर और मादा तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि की है।
डीएफओ अजीत प्रताप सिंह के नेतृत्व में सैदपुर के क्षेत्रीय वन अधिकारी रमेश मौर्य, वन दरोगा बलिराम चौबे, सुरेश यादव, वन रक्षक संगम पांडेय और अजीत यादव सहित वन विभाग की टीम ने अभियान चलाया। आजमगढ़ से भी वन विभाग की टीम पहुंची थी। काफी देर तक तलाश के बावजूद तेंदुओं का सुराग नहीं मिलने पर वन विभाग ने निगरानी और खोज अभियान जारी रखा। डीएफओ ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को रात में अकेले घर से बाहर नहीं निकलने, बच्चों को अकेले न छोड़ने और खेतों की ओर जाते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। तेंदुओं की मौजूदगी की आशंका के चलते भरतपुर सहित आसपास के गांवों के लोगों में चिंता बनी हुई है।




