गाजीपुर : संचारी रोगों की रोकथाम को लेकर डीएम ने दिए युद्धस्तर पर अभियान चलाने के निर्देश

1 अक्टूबर से चलेगा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान, 12 अक्टूबर से दस्तक अभियान
गाजीपुर । जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में गुरुवार देर शाम राइफल क्लब सभागार में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान को लेकर अंतर्विभागीय समन्वय बैठक आयोजित हुई। बैठक में बताया गया कि जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 से 31 अक्टूबर 2026 तथा दस्तक अभियान 12 से 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान शुरू होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं तथा पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर परिणाम सुनिश्चित किए जाएं।जिलाधिकारी ने मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, डायरिया, दिमागी बुखार, स्क्रब टाइफस और लेप्टोस्पायरोसिस जैसे संचारी रोगों की रोकथाम के लिए स्वच्छता, सैनिटाइजेशन, फॉगिंग और एंटी लार्वा छिड़काव प्रभावी ढंग से कराने के निर्देश दिए। तालाबों, नालों और नालियों की साफ-सफाई तथा कूड़े के समुचित निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। नगरीय निकायों को हैंडपंपों के पानी की टेस्टिंग और ओवरहेड टैंकों की सफाई कराने के निर्देश दिए गए। महिलाओं एवं कुपोषित बच्चों को पुष्टाहार उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने को कहा गया। डीएम ने सभी संबंधित विभागों को स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान को प्रभावी बनाने तथा जनपद से लेकर ग्राम स्तर तक नियमित पर्यवेक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अभियान से संबंधित माइक्रोप्लान एक सप्ताह के भीतर जिला मलेरिया अधिकारी को उपलब्ध कराने तथा सभी कार्ययोजनाएं 28 अक्टूबर तक स्वास्थ्य कार्यालय में भेजने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामकुमार, जिला मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, संबंधित चिकित्साधिकारी, समस्त अधिशासी अधिकारी एवं एमओआईसी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला संवाददाता विवेकानंद राय
गाज़ीपुर



