Slide 1
Slide 1
गाजीपुर

गाजीपुर : अक्षय नवमी पर आंवला वृक्ष पूजन से जुड़ी प्रकृति और आरोग्य की परंपरा

आंवले के वृक्ष के नीचे पूजन और भोजन करने की है विशेष मान्यता

डा. ए.के. राय
गाजीपुर। भगवान विष्णु को समर्पित अक्षय नवमी का पर्व 18 नवंबर को श्रद्धा और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया जाएगा। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को मनाए जाने वाले इस पर्व को आंवला नवमी के नाम से भी जाना जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, अक्षय नवमी से ही द्वापर युग का प्रारंभ माना जाता है। इस दिन आंवला वृक्ष की पूजा, उसके नीचे भोजन बनाने और परिवार के साथ सामूहिक रूप से भोजन करने का विशेष महत्व बताया गया है। धार्मिक परंपराओं के साथ इस पर्व का संबंध प्रकृति, स्वास्थ्य और जीवन में पौष्टिक आहार के महत्व से भी जुड़ा हुआ है। हिंदू धर्म में मनाए जाने वाले अनेक व्रत और त्योहारों के पीछे प्रकृति तथा मानव जीवन के बीच गहरा संबंध है। प्राचीन काल से ही मनुष्य अपनी स्वास्थ्य रक्षा औरजीवनयापन के लिए प्रकृति पर निर्भर रहा है। प्रकृति ने भी समय-समय पर उपलब्ध वनस्पतियों, फलों और खाद्य पदार्थों के माध्यम से जीवों का पोषण किया है। अक्षय नवमी पर आंवले की प्रधानता इसी परंपरा का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है। कार्तिक मास से मौसम में ठंडक बढ़ने लगती है। इस दौरान प्रकृति में कई ऐसे फल और खाद्य पदार्थ उपलब्ध होते हैं, जो शरीर को आवश्यक पोषण तत्व प्रदान कर शरीर को ऊर्जा देते हैं। आयुर्वेद में आंवले को महत्वपूर्ण औषधीय फल माना गया है। यह शरीर के वात, पित्त और कफ तीनों दोषों के संतुलन में सहायक होता है। आधुनिक पोषण विज्ञान के अनुसार भी आंवला विटामिन-सी और एंटीऑक्सीडेंट का अच्छा स्रोत है। इसमें पाए जाने वाले पोषक तत्व शरीर की सामान्य कार्यप्रणाली और प्रतिरक्षा प्रणाली के लिए उपयोगी होते हैं। इसके पोषक एवं पारंपरिक औषधीय गुणों के कारण इसे भारतीय चिकित्सा पद्धति में विशेष महत्व दिया गया है।

आंवले को ताजा फल के रूप में खाने के साथ ही सूखाकर, अचार, चटनी, मुरब्बा, अवलेह और जूस के रूप में भी इस्तेमाल किया जाता है। अक्षय नवमी के दिन आंवला वृक्ष की पूजा का विशेष विधान है। प्रातःकाल आंवले के पेड़ के नीचे विधि-विधान से वृक्ष की पूजा की जाती है। परंपरा के अनुसार आंवले के वृक्ष पर कच्चा सूत बांधा जाता है और घी का दीपक जलाकर सुख-समृद्धि तथा परिवार की खुशहाली की कामना की जाती है। पूजन के बाद आंवला वृक्ष के नीचे ही सात्विक भोजन तैयार करने की परंपरा है। भोजन तैयार होने पर उसे पहले वृक्ष देव को अर्पित किया जाता है। इसके बाद पंडित व गुरु व परिवार के सदस्यों और संबंधियों के साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन आंवले के वृक्ष के नीचे भोजन करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। इसी कारण कई स्थानों पर परिवार के लोग सामूहिक रूप से इस परंपरा का निर्वहन करते हैं।
इस प्रकार अक्षय नवमी का पर्व धार्मिक आस्था के साथ-साथ प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का भी अवसर है। आंवला वृक्ष की पूजा के माध्यम से जहां वृक्षों और वनस्पतियों के संरक्षण का सांस्कृतिक संदेश मिलता है, वहीं इसके फल के पोषण संबंधी गुण भारतीय परंपरागत खानपान की उपयोगिता को भी रेखांकित करते हैं। इस प्रकार अक्षय नवमी की परंपरा में धार्मिक विश्वास, पारिवारिक एकजुटता, प्रकृति के प्रति सम्मान और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का सुंदर समन्वय दिखाई देता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button