Slide 1
Slide 1
एजुकेशन

गाजीपुर : 31 अक्टूबर तक चलेगा विद्यालयों में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान

डेंगू, मलेरिया और दिमागी बुखार से बचाव के लिए विद्यार्थियों के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा जागरूकता का संदेश


गाजीपुर (विवेकानंद राय)। जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जनपद के समस्त परिषदीय विद्यालयों, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में यह अभियान 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक संचालित किया जाएगा। डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, दिमागी बुखार तथा जल-जनित बीमारियों से बचाव के लिए विभिन्न शैक्षणिक एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। छात्र-छात्राओं द्वारा गांवों और मजरों में जागरूकता रैलियां निकालकर ग्रामीणों को जलभराव रोकने, मच्छरों से बचाव करने और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के प्रति जागरूक किया जाएगा। विद्यालयों में प्रतिदिन प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों को संचारी रोगों के लक्षण, बचाव के उपाय और स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी जाएगी। साथ ही उन्हें स्वच्छता की शपथ भी दिलाई जाएगी। मध्याह्न भोजन से पहले तथा शौच के बाद साबुन से अच्छी तरह हाथ धोने की आदत विकसित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। विद्यालय परिसर, रसोईघर, पेयजल स्रोतों और शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के साथ ही परिसर और उसके आसपास पानी जमा नहीं होने देने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के दौरान आशा एवं एएनएम कार्यकर्ताओं के सहयोग से यदि किसी बच्चे में बुखार अथवा अन्य संचारी रोगों के लक्षण दिखाई देते हैं, तो उसे तत्काल नजदीकी प्राथमिक या सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाकर उपचार सुनिश्चित कराया जाएगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, प्रधानाध्यापकों और नोडल शिक्षकों को अभियान पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को घर तथा आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए लगातार प्रेरित करने पर जोर दिया है। अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों के माध्यम से बच्चों, अभिभावकों और ग्रामीण समुदाय तक स्वास्थ्य एवं स्वच्छता का संदेश पहुंचाकर संचारी रोगों के प्रसार पर प्रभावी रोकथाम करना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button