Slide 1
Slide 1
लखनऊ

लखनऊ : दशहरा-दीपावली के मद्देनजर मंत्री ए.के. शर्मा ने की वर्चुअल विभागीय समीक्षा

नगर विकास एवं उर्जा मंत्री ए.के शर्मा वर्चुअल माध्यम से करते बैठक

मंदिरों, पूजा पंडालों और विसर्जन मार्गों पर विशेष सफाई, गड्ढामुक्ति एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के निर्देश

लखनऊ । आगामी दशहरा और दीपावली सहित अन्य त्योहारों के दौरान प्रदेशवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर नगरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कल देर रात वर्चुअल माध्यम से नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने प्रदेश के सभी नगरीय निकायों के अधिकारियों को त्योहारों के मद्देनजर सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने तथा व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी करने के निर्देश दिए। नगर विकास विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ए.के. शर्मा ने नगरीय क्षेत्रों में व्यापक साफ-सफाई, गड्ढामुक्ति, जल निकासी, कूड़ा निस्तारण, फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव और प्रकाश व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दशहरा और दीपावली प्रकाश, उल्लास एवं उत्सव के पर्व हैं। ऐसे में सभी नगरीय निकायों में साफ-सफाई और प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मंत्री श्री शर्मा ने विशेष रूप से मंदिरों, पूजा पंडालों तथा मूर्ति विसर्जन वाले मार्गों पर गड्ढामुक्ति अभियान चलाने और व्यापक साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी नगर आयुक्तों से उनके क्षेत्रों में त्योहारों की तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की आवाजाही सुगम एवं सुरक्षित रहनी चाहिए। इसके लिए सड़कों की मरम्मत, कूड़े का नियमित उठान, जलभराव की समस्या का समाधान और पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था समय से सुनिश्चित की जाए। लखनऊ में फैजुल्लागंज के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की समीक्षा करते हुए मंत्री श्री शर्मा ने जल निकासी के कार्यों को युद्ध स्तर पर पूरा करने के निर्देश नगर निगम के अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में जल निकासी के बाद व्यापक स्तर पर फॉगिंग कराई जाए और एंटी लार्वा का छिड़काव सुनिश्चित किया जाए, ताकि मच्छरजनित बीमारियों के प्रसार की आशंका को कम किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छता और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।


ऊर्जा विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री  ए.के. शर्मा ने आगामी त्योहारों में विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय समय से पूरे कर लिए जाएं। पूजा पंडालों का निरीक्षण कर विद्युत सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जांच की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं भी किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे। उन्होंने जुलूस एवं शोभायात्राओं के निर्धारित मार्गों का सर्वेक्षण कराने और वहां से गुजरने वाले विद्युत तारों की स्थिति की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जुलूस मार्गों पर बिजली के तार ढीले या नीचे लटके हुए नहीं होने चाहिए। जहां भी ऐसी स्थिति मिले, उसे तत्काल ठीक कराया जाए। विद्युत सुरक्षा के सभी मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में त्योहार मना सकें।
मंत्री श्री शर्मा ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान रात के समय भी विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति बाधित न हो। उन्होंने कुशल संविदा कर्मियों को पुनः सेवा में रखने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए, ताकि विद्युत व्यवस्था के संचालन और रखरखाव में अनुभवी कर्मियों की सेवाएं ली जा सकें।
बैठक में प्रमुख सचिव नगर विकास पी. गुरु प्रसाद, प्रमुख सचिव ऊर्जा  रणवीर प्रसाद, अपर निदेशक नगरीय निकाय श्रीमती ऋतु सुहास सहित प्रदेश के सभी संबंधित नगर आयुक्त तथा नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग के अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button