गाजीपुर : सेवा भावना समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का भाव

गाजीपुर। सेवा संकल्प अभियान एवं हिंदी पखवाड़ा के तहत‘वर्तमान समय में सेवा का महत्व’ विषय पर संवाद कार्यक्रम तथा हिंदी काव्य पाठ प्रतियोगिता का आयोजन पी.जी. कॉलेज मलिकपुरा में सम्पन्न हुआ। संवाद के दौरान वक्ताओं ने कहा कि सेवा केवल जरूरतमंद की मदद करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और मानवीय सरोकार की अभिव्यक्ति है। वक्ताओं ने कहा कि बदलती जीवनशैली में जब व्यक्ति अपने निजी हितों तक सिमटता जा रहा है, ऐसे समय में समाज के सुख-दुख के प्रति संवेदनशील रहना और अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग करना अधिक आवश्यक हो गया है। विद्यार्थियों से दैनिक जीवन में छोटे-छोटे सेवा कार्यों को अपनाने का आह्वान किया गया। इनमें जरूरतमंदों की सहायता, स्वच्छता के प्रति जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण तथा आसपास के लोगों के प्रति सहयोग और संवेदना का भाव विकसित करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के दूसरे चरण में आयोजित हिंदी काव्य पाठ प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने विभिन्न कविताओं का भावपूर्ण एवं प्रभावी वाचन कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पांच सदस्यीय निर्णायक मंडल के मूल्यांकन के आधार पर संजना चौरसिया ने प्रथम, कुमारी आंचल ने द्वितीय तथा आंचल कुमारी ने तृतीय तथा हेमलता जायसवाल को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम में डॉ. अभिषेक कुमार ने गीत प्रस्तुत किया तो डॉ. अनुज कुमार सिंह ने जयशंकर प्रसाद की कविताओं का भावपूर्ण वाचन, जबकि शिक्षा शास्त्र विभाग के डॉ. निसार अहमद ने गजलों की प्रस्तुति से कार्यक्रम को काव्यमय बना दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. दिवाकर सिंह, संचालन डॉ. सर्वेश पाण्डेय तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. शिव प्रताप यादव ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।




