मिर्जापुर : अहरौरा के प्रसिद्ध कजरहवा मेला में महिलाओं का लगा रहा रेला

तारा त्रिपाठी/मीरजापुर। अहरौरा के प्रसिद्ध और अति प्राचीन कजरहवा मेला में महिलाओं का रेला लगा रहा। यूं तो नगर के दक्षिण तरफ स्थित पहाड़ पर विराजमान मां दुर्गा के वार्षिक श्रंगार के अवसर पर पुरुषों का भी जमावड़ा रहता है किन्तु महिलाओं के नाम से प्रसिद्ध इस मेले में महिलाओं की भीड़ अधिक होती है। नगर तो नगर गांव से भी महिलाओं की हिस्सेदारी बढ़-चढ़ कर रहती है। मंदिर पर मां दुर्गा के दर्शन का तांता लगा रहा। लोग माला-फूल और मां को प्रसाद चढ़ाये। हरितालिका तीज के तीसरे दिन पड़ने वाले इस मेले का महिलाओं को बेसब्री से इंतजार रहता है। मेले मे तरह-तरह की दुकाने सजी रहीं। मेले में पुराने और बिछड़े मित्रों, सखियों से मिलकर लोग अभीभूत हो रहे थे। गुब्बारे, खिलौने बच्चों के लिए कौतूहल बना रहा। चाट की दुकानों पर भीड़ अधिक दिखी। सुरक्षा की दृष्टि से थानाध्यक्ष अजय कुमार मिश्र मय पुलिस टीम के साथ चक्रमण करते दिखे। महिला पुलिस की भी ड्यूटी लगाई गई थी। पुजारी सत्यनारायण पाण्डेय ने बताया कि मां बहुत दयालू हैं सच्चे मन से आने वालों की मनोकामना पूर्ण होती है। वैसे तो यहां वर्ष भर शादी-व्याह होता रहता है। लोग दर्शन को आते रहते हैं किन्तु आज के दिन का बहुत महत्व है।




