Slide 1
Slide 1
उत्तर प्रदेश

लखनऊ :  यूपी में 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक 157 घंटे का चलेगा सफाई अभियान- मंत्री ए.के. शर्मा


केंद्रीय शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर की अध्यक्षता में नगर विकास मंत्रियों के साथ की वर्चुअल बैठक


लखनऊ । केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री  मनोहर लाल खट्टर की अध्यक्षता में आज गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत कार्ययोजना को लेकर देश के सभी राज्यों के नगर विकास मंत्रियों के साथ वर्चुअल बैठक आयोजित की, जिसमें केंद्रीय मंत्री  मनोहर लाल खट्टर ने इस कार्यक्रम को व्यापक स्तर पर मनाए जाने के निर्देश दिए। बैठक में उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा  ने भी वर्चुअल माध्यम से शामिल रहे। बैठक में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक उत्तर प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रम तो आयोजित किए ही जाएंगे, साथ ही प्रदेश अपनी ओर से कुछ विशेष कार्यक्रम भी करेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश प्रत्येक बड़े अवसर पर कुछ नया और विशेष करने का प्रयास करता है। बताया कि 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक कुल 157 घंटे का अनवरत स्वच्छता अभियान प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में चलाया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत नगरों से लेकर वार्ड स्तर तक व्यापक साफ-सफाई, स्वच्छता एवं जनजागरूकता के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान न रहकर जनआंदोलन का रूप ले। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस, 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती तथा 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर को भी विशेष रूप से मनाया जाएगा तथा 17 अक्टूबर को पूरे अभियान का समापन होगा।
उन्होंने कहा कि 1 अक्टूबर को एक घंटे का विशेष स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें नगर विकास विभाग के साथ-साथ प्रदेश के सभी विभागों, स्कूल-कॉलेजों, शैक्षणिक संस्थानों एवं अन्य संस्थाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। सभी विभाग और संस्थान अपने-अपने परिसरों एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश देंगे। इस अवसर पर सचिव/ निदेशक नगरीय निकाय अनुज कुमार झा, अपर निदेशक श्रीमती ऋतु सुहास एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button