प्रयागराज : विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा का विज्ञापन जारी, 5 सितंबर से शुरू होगा ऑनलाइन आवेदन
विशेष शिक्षकों (CWSN) के लिए आयोजित होगी विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा — अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्तर पर कार्यरत विशेष शिक्षकों (CWSN) के लिए विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा (Special TET) का विज्ञापन जारी कर दिया गया है। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि शासन द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा के आयोजन की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। आयोग अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि शासन द्वारा उच्चतम न्यायालय में सिविल अपील संख्या-1385/2025 एवं पुनर्विचार याचिका डायरी संख्या-53434/2025 में पारित आदेश दिनांक 29 मई 2026 से बड़ी संख्या में शिक्षकों के प्रभावित होने के दृष्टिगत प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्तर पर कार्यरत शिक्षकों तथा विशेष शिक्षकों (CWSN) के लिए विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित किए जाने के संबंध में 02 सितंबर 2026 को निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में आयोग द्वारा विज्ञापन संख्या- 03/2026 के माध्यम से विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। उन्होंने बताया कि परीक्षा में प्रतिभाग करने के इच्छुक अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) व्यवस्था लागू की गई है। अभ्यर्थियों को पहले OTR पूर्ण करना होगा। इसके पश्चात ही वे विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। विस्तृत विज्ञापन एवं निर्देश आयोग की वेबसाइट https://upessc.up.gov.in/ पर उपलब्ध हैं। आयोग अध्यक्ष ने अभ्यर्थियों से अपील की कि आवेदन करने से पूर्व विस्तृत विज्ञापन एवं उसमें दिए गए सभी दिशा-निर्देशों का सावधानीपूर्वक अध्ययन कर लें तथा निर्धारित अर्हता पूरी करने वाले अभ्यर्थी ही निर्धारित अवधि में अपना आवेदन प्रस्तुत करें। आयोग द्वारा 03 सितंबर 2026 को जारी विज्ञापन / विज्ञप्ति के अनुसार ऑनलाइन पंजीकरण (OTR) एवं आवेदन प्रारंभ होने की तिथि 05 सितंबर 2026 है। ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 04 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है, जबकि ऑनलाइन आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 08 अक्टूबर 2026 होगी। विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन 03 नवंबर 2026 को किया जाएगा। डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि आयोग अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए परीक्षा संबंधी प्रक्रिया को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार संचालित करने के लिए प्रतिबद्ध है। अभ्यर्थी परीक्षा से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए आयोग की अधिकृत वेबसाइट पर जारी विज्ञापन एवं दिशा-निर्देशों का ही अनुसरण करें।




