Slide 1
Slide 1
गाजीपुर

गाजीपुर : डीएम ने छात्रों के बीच पहुंच परखी पढ़ाई व्यवस्था

गाजीपुर ( विवेकानंद राय )। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने गुरुवार को जवाहर नवोदय विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रावास, प्रयोगशालाओं एवं भोजनालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं,आवश्यकताओं और भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कक्षा 12 में चल रही गणित की कक्षा में पहुंचकर विद्यार्थियों की विषय पर पकड़ परखी। उन्होंने अध्यापक द्वारा ब्लैक बोर्ड पर पढ़ाए जा रहे गणित के प्रश्न को विद्यार्थियों से स्वयं हल कराया और उनकी समझ का आकलन किया। विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने कहा कि मेहनत और लगन के साथ अपनी पढ़ाई जारी रखते हुए निर्धारित लक्ष्य को हासिल करें और ऐसा कार्य करें, जिससे अपने परिवार के साथ-साथ जनपद एवं देश का नाम भी गौरवान्वित हो। छात्रों की समस्याओं के लिए लगाया जाएगा शिकायत एवं सुझाव बॉक्स जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों की समस्याओं और सुझावों को सहजता से विद्यालय प्रशासन तक पहुंचाने के लिए शिकायत एवं सुझाव बॉक्स लगाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी बात रखने के लिए उचित मंच मिलना चाहिए, ताकि उनकी समस्याओं का समय से समाधान किया जा सके। इस दौरान जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को संत रविदास जी के जीवन, उनके विचारों एवं कृतित्व के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी और उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए अध्ययन करने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया।


प्रयोगशालाओं का लिया जायजा
डीएम ने रसायन विज्ञान प्रयोगशाला का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध संसाधनों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए स्थापित एटीएल प्रयोगशाला का भी निरीक्षण किया और वहां की सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। छात्राओं से पूछा—आगे चलकर क्या बनना चाहती हैं? जिलाधिकारी ने बालिका छात्रावास पहुंचकर छात्राओं से सहजता से संवाद किया। उन्होंने उनकी पढ़ाई, छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी लेते हुए पूछा कि वे आगे चलकर क्या बनना चाहती हैं। डीएम ने छात्राओं को अपने लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने छात्राओं से छात्रावास में किसी तरह की समस्या के बारे में भी जानकारी ली। छात्राओं ने बताया कि उन्हें किसी प्रकार की समस्या नहीं है।
विद्यार्थियों के साथ लाइन में लगे डीएम, छात्राओं संग किया भोजन निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी बालिका भोजनालय पहुंचे और भोजन की गुणवत्ता एवं वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने भोजनालय में एसी लगाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। खास बात यह रही कि जिलाधिकारी ने औपचारिक निरीक्षण तक सीमित रहने के बजाय विद्यार्थियों के साथ लाइन में लगकर स्वयं भोजन लिया और छात्राओं के साथ बैठकर भोजन किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से सहजता से बातचीत करते हुए उनकी पढ़ाई और अन्य आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि पढ़ाई के लिए यदि किसी अन्य सामग्री अथवा सुविधा की आवश्यकता हो तो विद्यालय प्रशासन के माध्यम से उन्हें अवगत कराया जाए। जिलाधिकारी ने स्वयं भोजन की गुणवत्ता को भी परखा और विद्यालय प्रशासन को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। निरीक्षण के दौरान जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य, उप प्राचार्य, समस्त शिक्षक, विद्यालय स्टाफ तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button