वाराणसी : अधिक से अधिक संख्या में पेड़ लगा पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुँचाएं – डॉ विभा सिंह

वसंत महिला महाविद्यालय में विशाल वृक्षारोपण अभियान का हुआ आयोजन
वाराणसी । वसंत महिला महाविद्यालय राजघाट में 28 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में गुरुवार को “हर एक व्यक्ति एक पेड़ लगाए (Each One Plant One)” थीम पर विशाल वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा कैडेट्स में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था। अभियान के अंतर्गत सभी एनसीसी कैडेट्स ने एक-एक पौधा लगाया तथा यह संकल्प लिया कि वे अपने पूरे एनसीसी कार्यकाल के दौरान उस पौधे की नियमित देखभाल करेंगे। साथ ही यह भी निर्धारित किया गया कि ए, बी एवं सी प्रमाणपत्र प्राप्त करते समय प्रत्येक कैडेट अपने द्वारा लगाए गए पौधे की वर्तमान स्थिति एवं विकास का विवरण प्रस्तुत करेगा। इस अनूठी पहल का उद्देश्य केवल वृक्षारोपण तक सीमित न रहकर पौधों के संरक्षण और संवर्धन को सुनिश्चित करना है। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर अलका सिंह के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक नागरिक को कम-से-कम एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारीपूर्वक देखभाल करनी चाहिए। पेड़ लगाना ही काफ़ी नहीं है, उसकी देखभाल करना भी जरूरी है। एनसीसी का अनुशासन हमे यही सिखाता है।
इस अवसर पर लेफ्टिनेंट डॉ. विभा सिंह ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि “वृक्ष केवल पर्यावरण की सुरक्षा ही नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की नींव भी हैं। प्रत्येक कैडेट का दायित्व है कि वह केवल पौधा लगाए ही नहीं, बल्कि उसकी देखभाल कर उसे एक वृक्ष के रूप में विकसित करे। ‘ईच वन प्लांट वन’ अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जिम्मेदारी, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को भी सुदृढ़ करेगा।”उन्होंने सभी कैडेट्स से अधिक से अधिक संख्या में अभियान में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया। महाविद्यालय परिवार ने भी इस पहल को हरित एवं स्वच्छ भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। इस अवसर पर एनसीसी अधिकारी कल्याणी देशपांडे ने कैडेट्स को बधाई संदेश देते हुए कहा कि एनसीसी केवल परेड और ट्रेनिंग का नाम नहीं है। देश सेवा के साथ – साथ पर्यावरण सेवा भी हमारा कर्तव्य है। आज लगाया गया हर पेड़ आने वाले कल की सांस है। एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर संगीथा पी एस ने भी उनके नैतिक विचारों की सराहना की और एनसीसी कैडेट्स को सम्बोधित करते हुए मानव जीवन में प्रकृति की महत्ता की ओर ध्यानकेंद्रित किया । महाविद्यालय प्रशासन और एनसीसी बटालियन का मानना है कि इस अनूठी पहल से कैडेट्स में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना गहरी होगी। यह अभियान न केवल परिसर को हरा-भरा बनाएगा, बल्कि भविष्य की पीढ़ी को प्रकृति संरक्षण का एक ठोस संदेश भी देगा। इस अवसर पर प्राचार्या प्रो. अलका सिंह के साथ एएनओ लेफ्टिनेंट डॉ विभा सिंह तथा महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। कैडेट्स ने पूरे उत्साह के साथ नीम, पीपल, बरगद और अशोक के पेड़ लगाए एनसीसी कैडेट अनुष्का सिंह, सौम्य झा, शिल्प पांडे , वसुंधरा बिष्ट ,करीना यादव, वर्षा सिंह पटेल, कुमारी श्वेता, दिव्यांशु , सृष्टि सहित सभी ने वृक्षारोपण कर किया संकल्प।



