बुलंदशहर: स्कूल जा रही 14 साल की नाबालिग का अपहरण
नशीला पदार्थ सुंघाकर रेस्टोरेंट में सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, नशे की हालत में सड़क पर छोड़ भागे आरोपी, पिता की तहरीर पर जांच शुरू

बुलंदशहर/संवाददाता। स्याना कोतवाली क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा के साथ अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म का संगीन मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता ने दो युवकों पर आरोप लगाया है कि उन्होंने स्कूल जा रही उनकी 14 वर्षीय बेटी को नशीला पदार्थ सुंघाकर अपहरण किया और औरंगाबाद क्षेत्र के एक रेस्टोरेंट में ले जाकर दुष्कर्म किया। पीड़ित पिता अनिल कुमार, निवासी ग्राम सराय देहात, स्याना ने पुलिस को तहरीर दी । दिनांक 11/07 को सुबह करीब 7:00 बजे वह घर से स्कूल के लिए निकली थी। आरोप है कि सुबह 7:30 बजे स्याना-बुगरासी रोड पर बम्बे के पास , मोटरसाइकिल पर आए। दोनों ने छात्रा को रोका, नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश किया और जबरन बाइक पर बिठाकर ले गए। तहरीर के अनुसार आरोपियों ने नाबालिग को औरंगाबाद थाना क्षेत्र के खानपुर मोड़ स्थित माही फैमिली रेस्टोरेंट में ले जाकर गलत नाम से एंट्री कराई और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। दोपहर करीब 12:30 बजे जब स्कूल से फोन आया कि छात्रा स्कूल नहीं पहुंची तो पिता उसकी तलाश में निकले। शिव बाल मंदिर स्कूल के पास उन्होंने अपनी बेटी को नशे की हालत में देखा। आरोप है कि बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर छोड़कर भाग रहे दोनों युवकों को लोगों ने पकड़ने की कोशिश की लेकिन वे भाग निकले। होश आने पर पीड़िता ने पिता को पूरी घटना बताई। पीड़ित पिता ने कोतवाली स्याना में तहरीर देकर दोनों आरोपियों के खिलाफ अपहरण, नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पीड़िता का मेडिकल कराया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।




