Slide 1
Slide 1
उत्तर प्रदेश

देवरिया : कृषि मंत्री ने किया शुभारंभ, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को जनआंदोलन बनाने का किया आह्वान

असगर अली, ब्यूरो चीफ/देवरिया। आज पूरे जनपद में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत 40 लाख पौधरोपण के लक्ष्य के साथ आयोजित वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत जगह-जगह सार्वजनिक एवं व्यक्तिगत स्थलों सहित सरकारी भवनों के परिसरों में वृक्ष लगाए गए। मुख्य कार्यक्रम बरियारपुर नगर पंचायत अंतर्गत छोटी गंडक नदी के किनारे प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही द्वारा विधिवत पूजन-अर्चन के साथ पौधारोपण कर किया गया। इस अवसर पर रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया सहित अन्य अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी पौधरोपण किया।इस महाअभियान के मुख्य अतिथि कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जी ने कोविड काल में “एक पेड़ मां के नाम” लगाने का संकल्प दिया था, ताकि जन-जन की भागीदारी से देश एवं प्रदेश हरियाली से आच्छादित हो सके तथा स्वच्छ एवं संतुलित पर्यावरण उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस वर्ष 40 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है, जनपद में 40 लाख पौधे लगाए जाने का लक्ष्य हैं। उन्होंने बताया कि 5 जून, विश्व पर्यावरण दिवस पर लगभग 5 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि वृक्षों से मिलने वाली ऑक्सीजन ही जीवन का आधार है। इसलिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर वर्तमान के साथ-साथ भावी पीढ़ी को भी सुरक्षित एवं स्वच्छ पर्यावरण उपलब्ध कराया जाए।  उन्होंने कहा कि फलदार वृक्षों की कमी के कारण बच्चों में कुपोषण की समस्या बढ़ रही है। इसलिए आम, कटहल, सहजन, आंवला जैसे पौष्टिक फल देने वाले वृक्ष अधिक लगाए जाएं। इसी उद्देश्य से अंत्योदय कार्डधारक परिवारों को फलदार पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले यह लोकोक्ति प्रचलित थी कि “खेत का पानी खेत में, हर खेत में मेड़ और हर मेड़ पर पेड़”, आज उसी परंपरा को पुनर्जीवित करने की आवश्यकता है। रासायनिक उर्वरकों के न्यूनतम उपयोग पर बल देते हुए उन्होंने स्वस्थ एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का आह्वान किया। कृषि मंत्री ने गांव, खेत, बगीचे, मंदिर, तालाब, अमृत सरोवर एवं सड़कों के किनारे अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की अपील की। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों से भी एक-एक पेड़ मां के नाम लगाने का आह्वान किया। साथ ही स्वतंत्रता दिवस, रक्षाबंधन एवं अन्य पर्वों पर भी एक-एक पौधा लगाने की अपील की। रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति एक पेड़ अपनी मां के नाम अवश्य लगाए। उन्होंने कहा कि गंडक नदी उनके विधानसभा क्षेत्र में लगभग 40 किलोमीटर तक प्रवाहित होती है। नदी के दोनों किनारों पर व्यापक स्तर पर वृक्ष लगाए जाएं तथा उनका संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जनपद को हरा-भरा बनाने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का आह्वान किया।आयोजित वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के मुख्य कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही एवं रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया को मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह एवं प्रभागीय निदेशक, सामाजिकी वानिकी कासरला राजू द्वारा स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन पंकज शुक्ला ने किया। कार्यक्रम में महिला आयोग की सदस्य रितु शाही, ब्लॉक प्रमुख पथरदेवा सुब्रत शाही, नगर पंचायत अध्यक्ष किरण राजभर, उनके प्रतिनिधि राजेश राजभर, भाजपा मंडल अध्यक्ष दिवाकर चंद्र यादव, पूर्व मंडल अध्यक्ष नागेश्वर दत्त त्रिपाठी, कृष्णानंद गिरी, इंद्रधर मणि त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी सदर प्रवीण कुमार, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार सिंह, उप निदेशक कृषि सुभाष चंद्र मौर्य, जिला कृषि अधिकारी उदय शंकर सिंह, सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं क्षेत्रीय जन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button