वाराणसी : बीएचयू में छात्रसंघ बहाली की मांग तेज

Gen Z छात्रों ने शुरू किया अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन
युसूफ खान/ वाराणसी । काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में छात्रसंघ बहाली की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन तेज हो गया है। मंगलवार को छात्रसंघ भवन स्थित डीएसडब्ल्यू कार्यालय पर Gen Z छात्रों ने अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया। आंदोलनकारी छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर छात्रों की समस्याओं की अनदेखी करने और उनकी आवाज को उचित मंच नहीं देने का आरोप लगाया। छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय में निर्वाचित छात्रसंघ नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं और मांगों को प्रभावी ढंग से प्रशासन के सामने रखने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उनका मानना है कि छात्रसंघ विद्यार्थियों के लोकतांत्रिक अधिकारों, प्रतिनिधित्व और समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसी उद्देश्य से छात्रों ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) की तर्ज पर बीएचयू में भी छात्रसंघ बहाली की मांग उठाई है । आंदोलनकारी छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं। पहली, बीएचयू में छात्रसंघ की तत्काल बहाली की जाए। दूसरी, सभी जरूरतमंद विद्यार्थियों को छात्रावास उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें आवास संबंधी परेशानियों का सामना न करना पड़े। तीसरी, छात्र-छात्राओं के छात्रावासों में लागू कर्फ्यू के समय की समीक्षा कर अनुचित पाबंदियों को समाप्त किया जाए। छात्रों ने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन विद्यार्थियों के अधिकारों, सुविधाओं और लोकतांत्रिक भागीदारी से जुड़ा है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता और छात्रसंघ बहाली की प्रक्रिया शुरू नहीं होती, तब तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।आंदोलनकारी छात्रों ने बीएचयू के अन्य छात्र संगठनों और आम विद्यार्थियों से भी धरने में शामिल होने की अपील की है। अब इस आंदोलन को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन की प्रतिक्रिया और आगे की कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं।




