बुलंदशहर : बुगरासी में डबल डकैती से सनसनी, शराब ठेका और फार्म हाउस को बनाया निशाना
22 पेटी शराब, 65 हजार नकदी और फार्म का सामान लूटा, नौकर को बनाया बंधक

बुलंदशहर/मोहित त्यागी, संवाददाता। बुगरासी चौकी क्षेत्र के जलालपुर गांव में देर रात बदमाशों ने डबल डकैती की वारदात को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैला दी। एक ही रात में शराब ठेका और फार्म हाउस दोनों को निशाना बनाया गया। बदमाशों ने सबसे पहले जलालपुर गांव में स्थित देसी शराब के ठेके का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया। ठेके से 22 पेटी देसी शराब और गल्ले में रखी करीब ₹65 हजार की नकदी चोरी कर फरार हो गए। ठेके के पास ही स्थित कपिल के फार्म हाउस में भी बदमाशों ने धावा बोल दिया। यहां उन्होंने फार्म हाउस के नौकर को बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया। बदमाश फार्म से इनवर्टर, बैटरी, अल्टरनेटर, टॉर्च, कंबल सहित अन्य कीमती सामान लूटकर ले गए। लगातार दो वारदातों से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना पर पहुंची बुगरासी चौकी पुलिस ने दोनों जगहों का मुआयना किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस का कहना है कि बदमाशों की पहचान के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




