देवरिया:आबादी के बीच ईंट भट्ठा निर्माण के विरोध में ग्रामवासियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा

Report by Asgar Ali
देवरिया। जनपद के भटनी थाना क्षेत्र के रामपुर मठिया गांव में दलित बस्ती के बीच हो रहे ईंट भट्ठे के निर्माण को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। शनिवार को ग्रामीणों ने जिलाधिकारी दिव्या मित्तल से मुलाकात कर निर्माण पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। उनका आरोप है कि यह भट्ठा नियमों का उल्लंघन करते हुए घनी आबादी के बीच बनाया जा रहा है। जिससे गंभीर प्रदूषण और स्वास्थ्य संबंधी खतरे पैदा हो सकते है। जब से इस का निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ तभी से ग्रामीणों के विरोध के बावजूद भट्ठे का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। इसी को लेकर दर्जनों ग्रामीण शनिवार को जिला मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें आबादी के बीच बन रहे इस भट्ठे के निर्माण पर तुरंत रोक लगाने और मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की गई।ग्रामीणों ने बताया कि यह भट्ठा दलित बस्ती के ठीक बीच में बन रहा है, जिससे वहां रहने वाले सैकड़ों लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ेगा। धुएं और राख से बच्चों और बुजुर्गों में श्वसन संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ जाएगा। इसके अतिरिक्त, भट्ठे से निकलने वाली गर्मी और धूल-मिट्टी खेतों की उपज को भी प्रभावित करेगी।
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने ग्रामीणों की शिकायत ध्यान से सुनी। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच के लिए राजस्व और प्रदूषण नियंत्रण विभाग की एक संयुक्त टीम भेजी जाएगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि ईंट भट्ठे का निर्माण आबादी क्षेत्र के भीतर पाया गया, तो उसे तुरंत रोक दिया जाएगा और जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।इस दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन की जांच में पूरा सहयोग करने की बात कही।




