Slide 1
Slide 1
लखनऊ

लखनऊ : मुख्य सचिव की अध्यक्षता में डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान की 42वीं बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की बैठक सम्पन्न

लखनऊ । मुख्य सचिव एस.पी.गोयल की अध्यक्षता में डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान बोर्ड ऑफ गवर्नर्स (BoG) की 42वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक में संस्थान के विस्तार, चिकित्सा सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार-विमर्श कर अनुमोदन प्रदान किया गया।
बैठक में जनसामान्य को बेहतर एवं उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संस्थान के विस्तार हेतु शहीद पथ स्थित संस्थान परिसर के निकट लखनऊ विकास प्राधिकरण की 16,603.34 वर्गमीटर भूमि क्रय किए जाने के प्रस्ताव को अनुमोदन प्रदान किया गया। इस भूमि पर 350 बेड क्षमता का अत्याधुनिक ट्रॉमा सेंटर स्थापित किया जाना प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त, गोमती नगर स्थित संस्थान के मुख्य परिसर के निकट प्रसार भारती की 3,176 वर्गमीटर भूमि क्रय किए जाने के प्रस्ताव को सैद्धांतिक अनुमोदन प्रदान किया गया। इस संबंध में वित्तीय पहलुओं का शीघ्र परीक्षण एवं अंतिम निर्धारण करते हुए प्रस्ताव शासन को प्रेषित करने का निर्णय लिया गया। संस्थान में विशिष्ट चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में हेपेटो-पैंक्रियाटो-बिलियरी (HPB) सर्जरी सुविधा प्रारम्भ किए जाने के प्रस्ताव को भी अनुमोदन प्रदान किया गया। इस सुविधा के माध्यम से लिवर, पैंक्रियाज एवं बाइलियरी ट्रैक्ट से संबंधित जटिल रोगों के उपचार की उन्नत सेवाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही, लिवर ट्रांसप्लांट की सुविधा प्रारम्भ करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा, जिससे संस्थान को उत्तर प्रदेश में इन विशिष्ट चिकित्सा सेवाओं के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जा सकेगा। न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग की कार्यक्षमता एवं विशेषज्ञ सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए SGPGIMS, लखनऊ के मानकों के अनुरूप असिस्टेंट प्रोफेसर (रेडियोफार्मेसी) का एक पद तथा रेडियोफार्मासिस्ट के दो नॉन-फैकल्टी पदों के सृजन के प्रस्ताव को अनुमोदन प्रदान किया गया। इस संबंध में अग्रेतर कार्यवाही हेतु प्रस्ताव राज्य सरकार को प्रेषित किया जाएगा। इसी क्रम में क्लिनिकल टॉक्सिकोलॉजी एनालिसिस तथा अन्य विभागों के साथ अंतर्विभागीय सहयोग को मजबूत बनाने के उद्देश्य से फॉरेंसिक मेडिसिन एवं टॉक्सिकोलॉजी विभाग में साइंटिस्ट (ग्रेड-II) का एक पद सृजित किए जाने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संस्थान में MD/MS/DM/MCh के विद्यार्थियों के शोध प्रबंधों हेतु Institutional Small Research Grant Scheme प्रारम्भ किए जाने का निर्णय लिया गया। इस योजना के संचालन के लिए ₹3.82 करोड़ के वार्षिक बजट आवंटन को प्रशासनिक एवं वित्तीय अनुमोदन प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त, संस्थान की आधिकारिक शोध पत्रिका “Journal of Translational and Clinical Health Sciences” प्रारम्भ किए जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की गई। यह पत्रिका ऑनलाइन एवं प्रिंट दोनों प्रारूपों में वर्ष में तीन बार प्रकाशित होगी। इसके माध्यम से संस्थान के फैकल्टी सदस्यों एवं शोधार्थियों को अपने अनुसंधान कार्यों एवं वैज्ञानिक उपलब्धियों को राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर प्राप्त होगा। बैठक में संस्थान के विधिक कार्यों के सुचारु संचालन के लिए शासनादेश दिनांक 05.06.2026 के अनुसार स्टैंडिंग काउंसिल की रिटेनरशिप फीस ₹15,000 तथा बहस फीस ₹5,000 प्रति कार्य दिवस निर्धारित किए जाने के प्रस्ताव को अनुमोदन प्रदान किया गया। इसके साथ ही SGPGIMS, लखनऊ की व्यवस्था के अनुरूप संस्थान के फैकल्टी सदस्यों एवं कर्मचारियों के पे प्रोटेक्शन से संबंधित प्रकरणों में प्रचलित शासकीय नियमों के अनुसार अनुमोदन प्रदान करने हेतु संस्थान के निदेशक को अधिकृत किए जाने की स्वीकृति भी प्रदान की गई। बैठक में लिए गए इन महत्वपूर्ण निर्णयों से डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में चिकित्सा अवसंरचना के विस्तार, सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सा सुविधाओं के विकास, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान को प्रोत्साहन तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण को गति मिलेगी। इससे प्रदेश के नागरिकों को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण एवं विशिष्ट चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। बैठक में प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा, प्रमुख सचिव वित्त, महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा, महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, संस्थान के निदेशक, डीन, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, चिकित्सा अधीक्षक, न्यूरोलॉजी एवं रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभागों के विभागाध्यक्ष तथा बोर्ड के नामित सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button