Slide 1
Slide 1
विदेश

International News ग्लोबल साउथ की आवाज : भारत-अफ्रीका ट्रेड से मजबूत होंगी अर्थव्यवस्थाएं

बामाको। भारत और पश्चिमी अफ्रीकी देश माली के बीच द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक सहयोग को मजबूत करने के लिए यहां ‘भारत-माली बिजनेस फोरम’ का आयोजन किया गया। यह फोरम दोनों देशों के व्यापारिक इतिहास में एक मील का पत्थर है, जिसे भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई), भारत के विदेश मंत्रालय और बामाको स्थित भारतीय दूतावास के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया गया। ‘ग्लोबल साउथ’ के देशों के सामूहिक और समावेशी विकास की दिशा में एक बड़ा कदम बढ़ाते हुए माली की राजधानी बामाको में इस ‘प्रथम भारत-माली एक्सपोर्ट प्रमोशन फोरम’ कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसका उद्घाटन माली के प्रधानमंत्री मेजर जनरल अब्दौले माईगा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में भारत के राजदूत डॉ. एन. नंदकुमार ने भी मौजूदगी दर्ज कराई। यह फोरम महज एक व्यापारिक बैठक नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘ग्लोबल साउथ’ के सामूहिक विकास और आत्मनिर्भरता के विजन को धरातल पर उतारने का जरिया है। भारत हमेशा से विकासशील देशों की संप्रभुता, आर्थिक स्वतंत्रता और समावेशी विकास का पक्षधर रहा है। इस फोरम के माध्यम से भारत ने स्पष्ट किया है कि वह अफ्रीका को केवल एक उपभोक्ता बाजार नहीं मानता, बल्कि समान विकास में एक विश्वसनीय साझेदार मानता है। माली स्थित भारतीय दूतावास ने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर लिखा भारत के वाणिज्य मंत्रालय में जेएस एफटी (अफ्रीका) अमित कुमार के नेतृत्व में एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल और विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाला एक बड़ा भारतीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल इस फोरम में भाग ले रहा है। इस फोरम में व्यापार नीति, निवेश के अवसरों, बी2बी और प्रदर्शनियों पर चर्चा हो रही है। भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, भारत और माली के बीच द्विपक्षीय व्यापार में लगातार बढ़ोतरी देखी गई है। जहां वित्त वर्ष 2024-25 में दोनों देशों का कुल व्यापार 210.60 मिलियन अमेरिकी डॉलर था, वहीं हालिया अवधि (अप्रैल 2025 – जनवरी 2026) में यह बढ़कर 287.61 मिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया है, जो इस साझेदारी की मजबूती को दर्शाता है। यह पहल भारत सरकार की उस विदेश नीति का हिस्सा है, जो विकासशील देशों के बीच ‘दक्षिण-दक्षिण सहयोग’ और आपसी समृद्धि को बढ़ावा देती है।

(रिपोर्ट. शाश्वत तिवारी)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button