उन्नाव : सीएम योगी ने 570 करोड़ से अधिक लागत की 101 परियोजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास

उन्नाव। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को उन्नाव पहुंचे। सीएम ने 570 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 101 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। सीएम ने माफियाराज का पोषक और घोर परिवारवादी करार दिया। सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि डबल इंजन सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पूरा करने की क्षमता भ्रष्ट विपक्षी दलों में कभी नहीं रही।सीएम ने देश में गरीब,महिला, किसान और युवा को ही असली चार जातियां बताया। सीएम ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों का हवाला देते हुए नक्सलियों को उनकी ही भाषा में जवाब देने का दावा भी किया। सीएम योगी ने परिवारवाद पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस के लिए केवल नेहरू-गांधी परिवार और सपा के लिए सैफई परिवार ही महत्वपूर्ण रहा। सीएम ने कहा कि विपक्ष इससे बाहर कभी सोच ही नहीं सका,उनके लिए गरीब सिर्फ यही दो परिवार थे। सीएम ने आरोप लगाया कि पहले जब कोई राजनीतिक दल या गरीब आवाज उठाता था तो सपा के गुंडे उनकी आवाज दबा देते थे और व्यापारियों का अपहरण करके तांडव मचाते थे। सपा-कांग्रेस के समय के माफियाराज पर बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि सत्ता पोषित माफियाओं को देखकर उन्हें रामायण काल के खर-दूषण,मारीच और सुबाहु याद आते हैं। सीएम ने निशाना साधा कि विपक्ष के आंसू सिर्फ माफिया के मरने पर बहते हैं,जबकि गरीबों के प्रति ये लोग पूरी तरह संवेदनहीन बन जाते हैं। देश और प्रदेश को इस दुर्गति तक पहुंचाने के लिए ये दोनों दल बराबर के जिम्मेदार हैं।




