केडीए कॉलोनी का पार्क दुर्दशा का शिकार
गायों के लिए आसरा स्थल बन गया है पार्क, बसपा शासनकाल में बनाई गई बाउंड्रीवाल भी टूटी, आपसास के लोगों ने बना लिया है पार्किंग स्थल, क्षेत्रीय विधायक और सभासद बोले, जल्द बदलेगी रौकन
कानपुर। जाजमऊ स्थित गंगा विहार केडीए कॉलोनी चार दशक पुरानी है। इस कॉलोनी में एक दर्जन से अधिक पार्क हैं लेकिन ज्यादातर पार्क पार्किंग बन गए हैं। बी ब्लाक में पार्क की स्थिति बहुत की खराब हैं। यहां पर गायों का बसेरा है। आसपास की दर्जनों गाए व अन्य पशु पार्क में बैठे रहते हैं। इसके अलावा लोग अपनी कारें भी उसी में खड़ी करते हैं।
कई बार स्थानीय लोगों ने पार्क के सुंदरीकरण के लिए मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत की लेकिन कुछ नहीं हुआ। हाल ही में X पर भी नगर आयुक्त और मेयर को टैग कर शिकायत की गई लेकिन कुछ नहीं हुआ। बसपा शासनकाल में इस पार्क की बाउंड्रीवाल कराई गई थी। उसी दौरान सबमर्सिबल पंप भी लगाया गया था। आधी बाउंड्रीवाल जर्जर होकर टूट गई है। अब गायों और अन्य जानवरों ने पार्क को अपना बसेरा बना लिया है। जानवर पार्क में गंदगी करते हैं। कुत्ते भी मंडरा करते हैं। आसपास के लोग कूड़ा भी पार्क के अंदर डाल देते हैं। पार्क के सुंदरीकरण न होने से क्षेत्र के लोगों को काफी दिक्कतें हो रही हैं।
स्थानीय निवासी जैद हुसैन ने बताया कि पार्क का सुंदरीकरण न होने से काफी समस्या है। खेलने के लिए कोई स्थान नहीं है।
जफर, अमान, नगीना, इंतखाब हुसैन आदि का कहना है कि पार्षद से भी कई बार पार्क के सुंदरीकरण की मांग की गई लेकिन कुछ नहीं किया गया। यहां पर कि पार्क में लगे पेड़ों की भी छंटाई नहीं कराई जाती है। इससे आंधी-बारिश में पेड़ों के गिरने का भी खतरा बना रहता है।
पार्क के सुंदरीरण के लिए लोगों ने कहा है। कई बार इसकी नाप भी कराई गई है। नगर आयुक्त से भी पार्क को बनवाने के लिए बात की है। जल्द ही काम शुरू होने की उम्मीद है।
नूरैन अहमद, क्षेत्रीय सभासद
कई बार पार्क के सुंदरीकरण के लिए उद्यान विभाग को पत्र लिखा है। इसके अलावा अन्य बैठकों में भी क्षेत्र के पार्कों के सुंदरीकरण के लिए मांग की है, लेकिन अभी तक कुछ नहीं हुआ। अपनी विधायक निधि से कई काम कराए हैं।
रूमी हसन, कैंट विधायक, कानपुर


