Slide 1
Slide 1
देवरिया

देवरिया: आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मनाएं त्योहार : जिलाधिकारी

बकरीद पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक सम्पन्न

असगर अली, ब्यूरो चीफ/देवरिया। आगामी बकरीद पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस लाइन स्थित सभागार में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर की उपस्थिति में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न धर्मगुरु एवं प्रबुद्धजन ने प्रतिभाग कर अपने सुझाव एवं विचार साझा किए।जिलाधिकारी ने कहा कि त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सौहार्द का संदेश देते हैं। सभी लोग पर्व को पारंपरिक एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा ऐसा कोई कार्य न करें जिससे किसी की भावनाएं आहत हों। उन्होंने कहा कि नमाज निर्धारित स्थानों पर ही अदा की जाए तथा अधिक संख्या होने पर शिफ्टवार नमाज की व्यवस्था की जाए, जिससे यातायात एवं आवश्यक सेवाएं प्रभावित न हों। जिलाधिकारी ने प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न किए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दिया जाए तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखा जाए। उन्होंने कुर्बानी के पश्चात अवशेषों का सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने ड्यूटी पर लगाए गए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि पर्व से पूर्व अपने तैनाती स्थलों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें तथा पर्व के दौरान स्वयं उपस्थित रहकर जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों को तहसील स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित करने तथा लेखपाल एवं कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिला पंचायत राज अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारियों को साफ-सफाई, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जहां अधिक मात्रा में कुर्बानी होती है, वहां जेसीबी की व्यवस्था कर अवशेषों के सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था करने को कहा गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को गर्मी को देखते हुए विभिन्न स्थानों पर चिकित्सा टीम, आवश्यक दवाओं एवं ओआरएस आदि की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिशासी अभियंता विद्युत को जर्जर तारों एवं विद्युत व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने तथा लोक निर्माण विभाग को नमाज स्थलों के आसपास की सड़कों के गड्ढों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। वहीं वन विभाग को रास्तों में बाधा बनने वाली पेड़ों की शाखाओं की छंटाई कराने के लिए कहा गया। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने कहा कि नमाज की टाइमिंग एवं शिफ्टवार व्यवस्था की जानकारी संबंधित थाना प्रभारी सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी को सुरक्षा प्रदान करना प्रशासन एवं पुलिस की जिम्मेदारी है। यदि कुर्बानी के पश्चात मांस को कहीं ले जाया जाए तो उसे पूरी तरह ढककर ले जाया जाए तथा संबंधित विवरण की पर्ची साथ रखी जाए।बैठक का संचालन अपर पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार पांडेय ने किया। अंत में सभी धर्मगुरुओं एवं प्रबुद्धजनों ने शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाए जाने का आश्वासन दिया। बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी वीके सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button