बिजली के शार्ट सर्किट से मड़ई में लगी आग हजारों का सामान जला

चन्दौली । शहाबगंज थाना क्षेत्र के टून्नू गांव में शनिवार सुबह करीब 10
बजे बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में एक रिहायशी मड़ई पूरी तरह जलकर राख हो गई। आग की चपेट में आने से मड़ई में बंधी चार बकरियां जिंदा जल गईं, जबकि साइकिल, चौकी तथा घरेलू उपयोग का अन्य सामान भी स्वाहा हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी रामनिहोर विश्वकर्मा की रिहायशी मड़ई के समीप लगे बिजली के खंभे पर 440 वोल्ट की केबल गर्मी के कारण जलने लगी। बताया जा रहा है कि केबिल से निकली चिंगारी उड़कर मड़ई पर जा गिरी, जिससे देखते ही देखते उसमें आग लग गई। तेज हवा के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रुप धारण कर लिया और पूरी मड़ई धू-धू कर जलने लगी।
आग लगने के समय मड़ई में चार बकरियां बंधी हुई थीं, जिन्हें बाहर निकालने का मौका नहीं मिल सका। परिणामस्वरुप चारों बकरियां आग में झुलसकर मर गईं। इसके अलावा साइकिल, चौकी, कपड़े तथा अन्य घरेलू सामान भी जलकर राख हो गए। पीड़ित परिवार को हजारों रुपये के नुकसान का अनुमान है। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर आस- पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बाल्टियों तथा पाइप के माध्यम से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरु किया। ग्रामीणों की तत्परता और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती तो आसपास के कई मकान भी इसकी चपेट में आ सकते थे और बड़ा हादसा हो सकता था।




