Slide 1
Slide 1
चंदौली

जल जीवन मिशन के तहत जनपद में हो रहा बड़ा घोटालाः मनोज सिंह डब्लू

आपरेटरों की समस्या को लेकर जल निगम कार्यालय पहुंचे पूर्व विधायक
चंदौली। सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू शुक्रवार को एक बार फिर जल निगम कार्यालय जा धमके। इस दौरान उन्होंने जल निगम कार्यालय पर जल जीवन मिशन के तहत ठेका प्रथा के जरिए रखे गए आपरेटर कम चौकीदारों की समस्याओं को फिर से उठाया। एसडीएम से हुई टेलीफोनिक वार्ता में उन्हें जानकारी दी गई कि आपरेटरों की समस्याओं के निदान के लिए जिलाधिकारी, एक्सईएन व ठेका प्राप्त कम्पनियों के अधिकारियों के बीच मीटिंग हो रही है। चार दिन में इस मामले में ठोस पहल होने की पूरी संभावना है।


इस दौरान सपा के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि जिले में बनी पानी टंकियों पर रखे गए आपरेटर कम चौकीदारों से पांच हजार रुपये में चौबीसों घंटे ड्यूटी ली जा रही है। यह न केवल श्रम कानूनों का सीधा उल्लंघन है, बल्कि अमानवीय भी है। यह लापरवाही सीधे तौर पर जल निगम के अफसरों व जिला प्रशासन की कार्य प्रणाली पर सवाल खड़े करती है। ठेका प्राप्त कम्पनी को आर्थिक लाभ पहुंचाने के लिए जानबूझकर अधिकारी कार्यवाही करने से बच रहे हैं। आरोप लगाया कि जल जीवन मिशन के तहत घर-घर स्वच्छ जल पहुंचाने के नाम पर बड़ा घोटाला किया जा रहा है, जिसमें जल निगम के साथ ही जिले के जिम्मेेदार प्रशासनिक अधिकारी, सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधियों की मिलीभगत से इन्कार नहीं किया जा सकता। बताया कि करीब एक लाख करोड़ रुपये का घोटाला किया जा रहा है। क्योंकि कम्पनी को पानी टंकी निर्माण एवं पाइप लाइन बिछाने के साथ ही घर-घर जल पहुंचाने एवं 10 साल तक उसके रखरखाव एवं संचालन के लिए कम्पनियों को ठेका आवंटित है। बताया कि किसी कम्पनी को 17 हजार करोड़ तो किसी को 23 हजार करोड़, 27 हजार करोड़ आवंटित है। इतनी बड़ी धनराशि जनता के टैक्स से इसलिए इन कम्पनियों को दी गई है, ताकि वे लोगों के घरों तक स्वच्छ पानी पहुंचा सके। लेकिन पांच साल बीत जाने के बाद भी जिले के किसी भी गांव में घरों तक पानी पहुंचने का काम नहीं हुआ है और आगामी पांच साल निर्माण व पाइप बिछाने में बीत जाएंगे, जिससे जनता के टैक्स का एक लाख करोड़ यूं ही पानी में बह जाएगा। चेताया कि यदि 17 मार्च को आपरेटरों की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उसी दिन आंदोलन की रणनीति तय होगी और उसे तत्काल अमल में लाया जाएगा। साथ ही जल निगम द्वारा किए जा रहे भ्रष्टाचार का भी परत दर परत खुलासा करने का काम होगा। इस प्रकरण में एक्सईएन जल निगम ने भी मामले में 17 मार्च तक उचित कार्यवाही किए जाने का भरोसा दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button