लखनऊ : प्रदेश में और बढ़ेगा तापमान, कई जिलों में तापमान 47 डिग्री पहुंचने का असार

लखनऊ । प्रदेश के तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने के आसार हैं। सोमवार से गर्मी और तेज होगी और कुछ जिलों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच सकता है। एक बार फिर भीषण लू चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इसे लेकर दक्षिणी हिस्से के कुछ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह के अनुसार फिलहाल प्रदेश में बारिश के संकेत नहीं हैं। आने वाले चार से पांच दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा। प्रदेश के दक्षिणी हिस्से से लू का एक दौर फिर शुरू होगा और 19 से 22 मई के बीच कई स्थानों पर लू चल सकती है। तापमान में आंशिक कमी के बाद फिर बढ़ोतरी की संभावना है। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने गत 16 मई को दक्षिण-पूर्व अरब सागर, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर के कई हिस्सों तथा निकोबार द्वीप समूह और अंडमान द्वीप समूह के कुछ क्षेत्रों में प्रवेश कर लिया है।



