
असगर अली
देवरिया। जनपद में गोरखपुर रोड पर ओवर ब्रिज के नीचे स्थित अब्दुल शाह गनी बाबा के मजार पर हर साल तीन और चार जनवरी को सालाना उर्स लगता था लेकिन इस वर्ष जिला प्रशासन ने 3 और 4 जनवरी को लगने वाले उर्स मेले की अनुमति नहीं दी है। मजार परिसर और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने ऐसा इस लिए किया है क्योंकि कुछ माह पहले सदर विधायक सलभमणि ने इस मजार को सरकारी जमीन पर बना बताया और इसकी जांच करने का आवाज उठाई थी इसी क्रम में एसडीएम न्यायालय ने जांच कर मजार और उससे जुड़े कब्रिस्तान की भूमि को सरकारी एवं बंजर भूमि घोषित किया था। इसी आधार पर जिला प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया था
उक्त स्थल पर किसी भी प्रकार का धार्मिक आयोजन या मेला नहीं लगेगा अगर ऐसा हुआ तो नियमों के विरुद्ध होगा। कानून-व्यवस्था को देखते हुए देवरिया और खुखुन्दू सहित कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात की गई है। पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में फ्लैग मार्च कर आमजन को शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने का संदेश भी दिया।पुलिस प्रशासन ने बताया है कि उर्स के आयोजन की अनुमति नहीं दी गई है। यदि किसी भी प्रकार से भीड़ जुटाने या आयोजन करने का प्रयास किया गया, तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और लोगों से किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की गई है। जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार गश्त कर रही है और हर गतिविधि पर पैनी नजर रख रही है।




