Slide 1
Slide 1
राजनीति

वाराणसी : मोदी-शाह-योगी के नेतृत्व में NDA की विजय ऐतिहासिक

यूपी में 'ब्राह्मण-माझी' संगम से संगठन को मिलेगी नई गति : रघु मिश्रा

अजित पाण्डेय /वाराणसी। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (से.) के नवनियुक्त उत्तर प्रदेश अध्यक्ष रघु मिश्रा ने कार्यभार संभालते ही प्रदेश की सियासत में नए समीकरणों का शंखनाद कर दिया है। वाराणसी में मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने NDA की प्रचंड जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व को दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि इस त्रिमूर्ति के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश जल्द ही ‘सर्वोत्तम प्रदेश’ के संकल्प को सिद्ध करेगा।

ब्राह्मण-माझी भाईचारे का नया अध्याय

स्वयं ब्राह्मण समाज से आने वाले श्री मिश्रा ने अपनी नियुक्ति को पूरे समाज का सम्मान बताया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी और बिहार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा: “यह ऐतिहासिक है कि किसी दल ने धरातल पर ब्राह्मण-माझी भाईचारे को इतनी प्राथमिकता दी है। मांझी जी ने मुझ जैसे कार्यकर्ता को जिम्मेदारी देकर ब्राह्मण समाज का मान बढ़ाया है। अब यह समाज पूरी एकजुटता के साथ मांझी जी के विजन को आगे बढ़ाएगा।”

125 सीटों पर चुनावी शंखनाद

रघु मिश्रा ने उन 125 विधानसभा सीटों की सूची सार्वजनिक की, जहाँ ब्राह्मण और माझी/निषाद मतदाता निर्णायक भूमिका में हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी इन क्षेत्रों में पूरी मजबूती के साथ संगठन खड़ा कर रही है। वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर और अवध क्षेत्र की इन सीटों पर केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार चुनाव लड़ने की तैयारी है। साथ ही, आगामी त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव में पार्टी जिला पंचायत वार्डों में अपने अधिकृत प्रत्याशी उतारकर अपनी ताकत दिखाएगी।

सर्व समाज का उत्थान है मुख्य संकल्प

पार्टी ने स्पष्ट किया कि उसका लक्ष्य केवल समीकरण साधना नहीं, बल्कि विकास है। इसमें संस्कृत पाठशालाओं का संरक्षण, पुजारियों का सम्मान और युवाओं के उत्थान के साथ-साथ माझी समाज के लिए मत्स्य पालन पट्टों में प्राथमिकता जैसे मुद्दे प्रमुख हैं। 10 मई को बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लेकर रघु मिश्रा इस ‘राजनैतिक महायज्ञ’ का औपचारिक आरंभ करेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि ‘सबका साथ-सबका विकास’ के मंत्र के साथ पार्टी शोषितों और वंचितों की मुखर आवाज बनेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button