Slide 1
Slide 1
क्राइमगाजीपुर

गाजीपुर : विद्युत पोल से गिरकर प्राइवेट लाइनमैन की मौत

विभाग ने झाड़ा पल्ला

डॉ एके राय/गाजीपुर। जनपद के विद्युत उपकेंद्र कासिमाबाद के सिंगेरा फीडर से सम्बद्ध टोडार गांव में रविवार की दोपहर विद्युत करंट से एक लाइनमैन की मौत हो गई। अचानक हुए इस हादसे से गांव में सनसनी फ़ैल गई। पीड़ित परिवार पर हुए इस वज्रपात से पूरा गांव स्तब्ध हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, टोडार निवासी मुख्तार यादव के पुत्र विद्युत सम्बन्धित कार्य कराने के लिए क्षेत्र के इंदौर ग्राम निवासी प्राइवेट लाइनमैन सुड्डू राम पुत्र बसंत राम को बुलाये थे। वहां क्षेत्र के दो लाइनमैन राकेश और अजय यादव भी मौजूद थे शॉर्ट डाउन लेने के बाद वह विद्युत खंभे पर चढ़कर ट्रांसफार्मर पर तार जोड़ रहा था। इस दौरान अचानक विद्युत आपूर्ति चालू कर दी गई जिससे वह झुलस कर नीचे गिर गया। वहां मौजूद दोनों लाइनमैन उसे तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया और वे रोते बिलखते अस्पताल पहुंचे। आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने वहां विभागीय कर्मचारियों के विरुद्ध हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी लोकेश कुमार व क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद अनुभव राजर्षि ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शासन स्तर से सहयोग का आश्वासन दिया। इसके उपरांत पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। मृतक के बड़े भाई अरविंद ने चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस घटना की सत्यता की जांच कर रही है। वहीं इस घटना के सम्बन्ध में अधिशासी अभियंता पी के तिवारी ने कहा कि कासिमाबाद उपकेंद्र के सिंगेरा फीडर से जुड़े ग्राम टोडार में बिजली करंट से एक व्यक्ति के मौत की सूचना मिली है। वह विभागीय कर्मी नहीं था। हादसा क्यों और कैसे हुआ, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button