Slide 1
Slide 1
कारोबारदेवरिया

देवरिया : पेट्रोल पम्प पर अनियमितता पकड़ी गई, 400 लीटर डीजल जब्त, FIR के निर्देश

असगर अली/ ब्यूरो चीफ, देवरिया। जनपद में पेट्रोलियम पदार्थों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे औचक निरीक्षण अभियान के तहत आज दिनांक 26 मार्च, 2026 को सुबह लगभग 09:00 बजे देवरिया-बलिया मार्ग पर स्थित नयारा के पेट्रोल पम्प “माँ आटो फ्यूल, अहिलवार बुजुर्ग” पर गंभीर अनियमितता पाई गई। निरीक्षण के दौरान पेट्रोल पम्प परिसर में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर रखे दो ड्रमों में डीजल भरा जा रहा था। संदेह होने पर वाहन को रोककर जांच की गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली पर उपस्थित व्यक्तियों ने अपना नाम फिरोज अहमद पुत्र विस्मिल्लाह एवं गोविंद गुप्ता पुत्र स्व. बाबूनाथ गुप्ता, निवासी ग्राम चकरवाधूस पंसरही, पोस्ट बड़हराबाबू, थाना बरियारपुर बताया। जांच में पाया गया कि दोनों ड्रमों में लगभग 200-200 लीटर, कुल लगभग 400 लीटर डीजल भरा जा रहा था। जांच के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि पेट्रोल पम्प के प्रबंधक/कर्मचारियों द्वारा बिना किसी वैध अभिलेख, नाम-पता अंकित किए तथा वाहन का पंजीकरण संख्या दर्ज किए बिना ही डीजल की आपूर्ति की जा रही थी। साथ ही, मशीन से निर्गत रसीद (पर्ची) भी संबंधित व्यक्तियों को उपलब्ध नहीं कराई गई।

उक्त कृत्य उत्तर प्रदेश हाई स्पीड डीजल ऑयल कंट्रोल ऑर्डर, 1981 के प्रावधानों का उल्लंघन है, जो आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के अंतर्गत दंडनीय अपराध है। मौके पर दोनों ड्रमों में भरे लगभग 400 लीटर डीजल सहित ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर थाना कोतवाली की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। संबंधित पेट्रोल पम्प के विरुद्ध प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, मौके पर पाए गए दोनों व्यक्तियों को नोटिस जारी किया गया है।प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि पेट्रोलियम पदार्थों की कालाबाजारी अथवा अनियमित आपूर्ति किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button