
त्रिलोकी नाथ राय / गाजीपुर। भांवरकोल विकास खण्ड के अंतर्गत कुल 51 कोलोकेटेड विद्यालयों में नवीन सत्र 2026-27 के शुभारम्भ के अवसर पर “नवारम्भ उत्सव” का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर कोलोकेटेड विद्यालयों में उत्साह एवं उल्लास का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान बलवाटिका (3 से 6 वर्ष आयु वर्ग) के नन्हें बच्चों का तिलक, पुष्प एवं मालाओं के माध्यम से आत्मीय स्वागत किया गया। शिक्षकों, आँगनबाड़ी कार्यकत्रियों, ईसीसीई एजुकेटर्स एवं विद्यालय परिवार द्वारा अभिभावकों को प्रारम्भिक शिक्षा के महत्व के बारे में जागरूक करते हुए 5 से 6 वर्ष तक के बच्चों का कक्षा एक में अधिक से अधिक नामांकन कराने के लिए प्रेरित किया गया। नवारम्भ उत्सव के अंतर्गत विद्यालयों को आकर्षक रूप से सजाया गया तथा बच्चों के लिए विविध मनोरंजक एवं शिक्षाप्रद गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिसमें रेत पर नन्हे बच्चों की उँगलियों से टेढ़ी- मेढ़ी आकृति बनाकर उनकी लेखन क्रिया का शुभारम्भ किया गया। अभिभावकों को बताया गया कि प्रारम्भिक अवस्था में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर प्राथमिक विद्यालय निकरोजपुर, कठार, तराँव 2, श्रीपुर, कनुवान, जलालपुर, कम्पोजिट विद्यालय लोहारपुर, सोनाड़ी, भाँवरकोल आदि विद्यलयों में धूम- धाम से मनाया गया। उपस्थित अभिभावकों ने विद्यालय की व्यवस्थाओं एवं शैक्षिक गतिविधियों की सराहना की तथा अपने बच्चों का नामांकन कराने के लिए उत्साह दिखाया। विद्यालय प्रशासन ने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 5 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का नामांकन नजदीकी परिषदीय विद्यालयों में अवश्य करायें, ताकि वे गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क शिक्षा का लाभ प्राप्त कर सकें।



