Slide 1
Slide 1
राज्य नई दिल्ली

नई दिल्ली : युद्धग्रस्त क्षेत्रों से नागरिकों की निकासी पर ‘मिशन मोड’ में काम कर रहे भारतीय मिशन

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारत सरकार और विदेशों में स्थित भारतीय मिशन अपने नागरिकों को सुरक्षित निकालने के प्रयासों में जुटे हुए हैं। भारतीयों को निकालने के लिए कई वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल किया जा रहा है। भारतीय विदेश मंत्रालय के अनुसार 28 फरवरी को संघर्ष शुरू होने के बाद से अब तक करीब 2.44 लाख भारतीय सुरक्षित स्वदेश लौट चुके हैं। युद्ध के बीच फंसे हुए भारतीयों को वापस लाने के लिए एक ओर जहां भारत सरकार पश्चिम एशिया और मध्य पूर्व के तमाम देशों के शीर्ष नेतृत्व के साथ संपर्क में है, वहीं दूसरी ओर विदेशों में स्थित भारतीय मिशन पूरी तरह से ‘मिशन मोड’ में काम कर रहे हैं।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग में बताया कि लगभग 700 भारतीय नागरिक ईरान से जमीनी रास्ते के जरिए आर्मेनिया और अजरबैजान पहुंच चुके हैं, जहां से वे भारत लौट रहे हैं। उन्होंने कहा ईरान गए 284 तीर्थयात्री भी सफलतापूर्वक आर्मेनिया पहुंच गए हैं। इनमें से 130 तीर्थयात्री आज दिल्ली पहुंचेंगे। जायसवाल ने बताया कि विदेश मंत्रालय का कंट्रोल रूम पूरी तरह सक्रिय है और भारतीय नागरिकों की सहायता कर रहा है। उन्होंने बताया कि आने वाले फोन और ईमेल की संख्या में उल्लेखनीय कमी आई है। दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने कतर एयरवेज़ की उड़ानों के जरिए 1,600 से अधिक भारतीयों की निकासी में सहायता की है। दूतावास ने सूचित किया कि वह सऊदी अरब के लिए अस्थायी ट्रांज़िट वीज़ा की सुविधा प्रदान कर रहा है, जिससे उन लोगों को मदद मिलेगी, जो सलवा सीमा के रास्ते ज़मीनी मार्ग से भारत लौटना चाहते हैं। दूतावास ने कहा कि उनका कार्यालय आने वाले पूरे हफ़्ते खुला रहेगा, ताकि पासपोर्ट जारी करने सहित अन्य कांसुलर सेवाएं प्रदान की जा सकें।

इसके अलावा दूतावास ने एक ‘एक्स’ पोस्ट में यह भी बताया कि कार्यालय के सहयोग से चल रहे राहत कार्यों के तहत, कतर में रहने वाले भारतीय मछुआरा समुदाय के सदस्यों को सूखा राशन वितरित किया जा रहा है। विदेश मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव (खाड़ी) असीम आर. महाजन ने प्रेस ब्रीफिंग में बताया क्षेत्र में भारतीय मिशन चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं। 16 मार्च को यूएई से भारत के लिए लगभग 65 उड़ानें संचालित हुईं, जबकि मंगलवार को करीब 70 उड़ानों के संचालन की उम्मीद है। ओमान से भी भारत के विभिन्न गंतव्यों के लिए उड़ानें जारी हैं।

(रिपोर्ट. शाश्वत तिवारी)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button