परिषदीय और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में पंजीकृत करीब एक लाख 90 हजार बच्चों की परीक्षा शुरू

चन्दौली। जनपद के 1194 परिषदीय और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में पंजीकृत करीब एक लाख 90 हजार बच्चों की परीक्षा सोमवार से शुरू हो गई है। हालांकि पहले दिन प्राथमिक विद्यालयों में सिर्फ मौखिक परीक्षा हुई थी। जबकि पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में बेसिक क्राफ्ट, सम्बंधित कला, कृषि, गृह शिल्प, खेल एवं शारिरिक शिक्षा और स्काउटिंग की लिखित परीक्षा अध्यापकों की देखरेख में शुरू कराई गई। हालांकि मंगलवार को कक्षा एक को छोड़कर सभी कक्षाओं में लिखित परीक्षा होगी।
बेसिक शिक्षा विभाग ने पूरे जनपद में कक्षा एक से लेकर आठ तक की वार्षिक परीक्षा सोमवार से शुरू करा दी है। परीक्षा को नकल विहीन कराने पर भी जोर दिया गया है। जनपद में प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, कंपोजिट विद्यालय, सहायता प्राप्त सहित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों के बच्चों के लिए परीक्षा शुरू की गई है। पहले दिन प्राथमिक के सभी बच्चों की मौखिक परीक्षा ली गई, जबकि पूर्व माध्यमिक में दो पालियों में लिखित परीक्षा कराई गई थी। सभी विद्यालयों में एक दिन पहले ही प्रश्नपत्र पहुंचा दिए गए थे। जिससे सभी स्कूलों में समय पर परीक्षा शुरू हो सके। प्राथमिक में मौखिक परीक्षा कराई गई है। लिखित परीक्षा के तहत कक्षा दो से तीन तक 25 नंबर की लिखित परीक्षा और कक्षा चार व पांच में 35 नंबर की लिखित परीक्षा हो होगी। कक्षा छह से आठ तक सभी बच्चों की परीक्षा पूर्ण रूप से लिखित हो रही है। जो 50 अंक की है। जूनियर के सभी बच्चों के पेपर दो पालियों में कराए जा रहे हैं। मंगलवार को होने वाली परीक्षा में प्रथम पाली में कक्षा 2 से 8 में गणित की परीक्षा होगी। जबकि द्वितीय पाली में कक्षा 3 से 8 में संस्कृत/उर्दू की परीक्षा होगी।



