गाजीपुर : किशोर तीन दिन से लापता, परिजनों में चिंता

गाजीपुर। सादात थाना क्षेत्र के बड़ागांव स्थित ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रहा 13 वर्षीय ब्रिसेन यादव के गत तीन दिनों से लापता होने से उसके परिजनों व ननिहाल के लोग काफी चिंतित हैं। वह आजमगढ़ जनपद के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के बहलोलपुर गांव का निवासी है। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग न मिलने पर नाना पारसनाथ यादव ने पुलिस को तहरीर दी। उसके आधार पर सादात पुलिस मामला दर्ज कर किशोर की खोज में लगी है।बताया गया कि ब्रिसेन मिर्जापुर स्थित एक कॉन्वेंट स्कूल में कक्षा सात का छात्र है। गुरुवार सुबह वह रोज की तरह साइकिल से स्कूल गया, लेकिन दोपहर तक घर नहीं लौटा। खोजबीन के दौरान जानकारी मिली कि उसने अपनी साइकिल एहसान अंसारी को बेच दी थी और साहिल सिद्दीकी की दुकान पर कुछ देर बैठा रहा। वहीं से उसने मिर्जापुर निवासी अपने मित्र रुद्रांश पाण्डेय से मोबाइल पर बात की। इसके बाद वह पैदल नहर की ओर जाते हुए सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिया। थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। उधर छात्र की मां ममता यादव सहित परिजन किसी अनहोनी की आशंका से व्याकुल हैं।




