
गोविन्द लाल शर्मा
आज़मगढ़। जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बूढ़नपुर तहसील से पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक खाता खोलकर जमीन का बैनामा कराने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने समय रहते आरोपियों को पकड़ लिया, जिससे धोखाधड़ी की साजिश नाकाम हो गई।
शुक्रवार को कप्तानगंज पुलिस को सूचना मिली कि तहसील बूढ़नपुर परिसर में कुछ लोग फर्जी पहचान पत्र और बैंक खाते के सहारे जमीन की रजिस्ट्री कराने की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर चारों आरोपियों को धर दबोचा। जांच में सामने आया कि ये आरोपी वादी मुकदमा अखिलेश राजभर के चाचा और रिश्तेदारों के नाम से फर्जी दस्तावेज़ तैयार कर जमीन हड़पने की कोशिश कर रहे थे।इस मामले में कप्तानगंज थाने पर धारा 319/318(1)/338/336(3)/340(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया है। पूरे मामले की विवेचना वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजय सिंह गौण कर रहे हैं।गिरफ्तार आरोपियों में प्रभान उर्फ परमहंस पुत्र जगलाल निवासी ग्राम भरौली थाना बड़हलगंज गोरखपुर, रामआसरे उर्फ रामाश्रय पुत्र मुन्नीलाल निवासी ग्राम भरौली थाना बड़हलगंज गोरखपुर अखण्ड प्रताप सिंह पुत्र सुरेन्द्र ग्राम नेवादा थाना कप्तानगंज आजमगढ़ और ललित मोहन उर्फ रामलाल पुत्र स्व0 रामसुन्दर निवासी अरियां बाजार जनपद अम्बेडकरनगर शामिल है। पुलिस नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और मामले में अन्य बिंदुओं की भी गहनता से जांच कर रही है।




