
गोविन्द लाल शर्मा
आजमगढ़। जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में नगर पालिका चुनाव से जुड़ी पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने युवक पर चाकू से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक की पहचान मोहम्मद रैयान (20 वर्ष), पुत्र शमशुल हक निवासी मुबारकपुर के रूप में हुई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने रैयान को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उसका इलाज जारी है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के संबंध में रैयान के पिता शमशुल हक ने मुबारकपुर थाने में दो नामजद आरोपियों शरीफ अहमद और शालेहीन के खिलाफ तहरीर दी है। उन्होंने घटना का कारण नगर पालिका चुनाव की पुरानी रंजिश बताया है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।बताया जा रहा है कि रैयान अपने पुराने घर से गुजर रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उसे घेर लिया और पहले गाली-गलौच की, फिर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




