आजमगढ़: इनरव्हील क्लब की चेयरमैन विजिट, जरूरतमंदो को पहुंचाई सहायता

गोविंद लाल शर्मा/आजमगढ़। इनरव्हील क्लब द्वारा रोडवेज स्थित एक होटल में आधिकारिक चेयरमैन विजिट का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन मधु कमानी ने शिरकत की। क्लब अध्यक्ष मंजू अग्रवाल और सचिव वैजयंती साव के नेतृत्व में मुख्य अतिथि का गर्मजोशी से स्वागत किया गया, जिसके बाद दीप प्रज्वलन से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन मधु कमानी ने क्लब द्वारा भंवरनाथ मंदिर परिसर में विकसित इनरव्हील वाटिका, कोलपांडे स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय हैप्पी स्कूल में शुद्ध पेयजल हेतु लगाए गए आरओ, इनवर्टर तथा शहर के प्रमुख चौराहों पर की गई पोस्टर ब्रांडिंग का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से 4 जरूरतमंद महिलाओं एवं कन्याओं को सिलाई मशीनें भेंट की गईं। वहीं, एक निर्धन कन्या के विवाह हेतु उपयोगी सामग्री प्रदान कर उसकी आर्थिक मदद की गई। एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत महिलाओं में हीमोग्लोबिन सुधारने के लिए लोहे की कढ़ाई, चना और गुड़ का भी वितरण हुआ। साथ ही भीषण गर्मी को देखते हुए दो पंखे भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन मधु कमानी ने इनरव्हील क्लब की पूरी टीम के सेवा कार्यों की जमकर सराहना की। उन्होंने क्लब को आगे भी सेवा कार्यों के प्रति जोर देते हुए सदस्यों को महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ फिट गर्ल्स इनिशिएटिव और गर्ल्स स्पोर्ट्स को ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में तेजी से बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान क्लब की सभी सदस्य मौजूद रही।




