देवरिया : चाय दुकानदार की पीट-पीटकर हत्या

नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर किया प्रदर्शन
असगर अली/देवरिया। जनपद के खामपार थाना क्षेत्र के कुकुर घाटी चौराहे पर चाय दुकानदार की कुछ मनबढ़ो ने पीट पीट कर बुरी तरह घायल कर दिया था इलाज के दौरान दुकानदार की मृत्यु हो गयी। इसी संदर्भ में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रविवार की सुबह ग्रामीणों व परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने शव को भटनी-भिंगारी मार्ग पर रखकर करीब दो घंटे तक सड़क जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा। कुकुर घाटी निवासी अवधराज खरवार 60 वर्ष पुत्र वुचूक स्थानीय चौराहे पर शराब की दुकान के करीब चाय-पकौड़ी की दुकान चला कर परिवार का पालन पोषण करते थे बृहस्पतिवार की शाम कुछ मनबढ़ो ने अंग्रेजी शराब की दुकान से शराब लेने के बाद नशे की हालत में उनकी दुकान पर पहुंचे और बिना पैसे दिए पकौड़ी उठाकर खाने लगे।इस कृति का विरोध करने पर मनबढ़ो ने दुकानदार अवधराज के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।स्थानीय लोगों के सहयोग से परिजन घायल दुकानदार को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां शुक्रवार की रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शनिवार की देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा। रविवार को परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए और इस घटना से नाराज होकर शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। प्रशासन की ओर से शीघ्र कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्ता के आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।



