मऊ के लाल ने मॉरीशस में किया कमाल

अंतरराष्ट्रीय हिंदी गीत-लेखन प्रतियोगिता में विवेक को मिला दूसरा स्थान
सतीश कुमार पांडेय
मऊ। विश्व हिंदी सचिवालय, मॉरीशस शिक्षा एवं मानव संसाधन मंत्रालय एवं भारतीय उच्चायोग (मॉरीशस) के तत्त्वावधान में विश्व हिंदी दिवस के अवसर पर आयोजित हिंदी गीत-लेखन प्रतियोगिता में मऊ ज़िले के घोसी विकास खंड के माऊरबोझ गाँव निवासी श्री राजनारायण तिवारी के पुत्र डॉ० विवेक कुमार तिवारी को दूसरा स्थान प्राप्त कर २०० अमेरिकी डॉलर का पुरस्कार प्राप्त किया है । इस प्रतियोगिता का विषय ‘विश्व भाषा हिंदी’ था । यह प्रतियोगिता विविध भौगोलिक क्षेत्रों पर आधारित थी जिसमें कतर में अध्यापन कार्य करने वाले विवेक तिवारी ने अफ्रीका और मध्य पूर्व क्षेत्र के प्रतिभागी के तौर पर हिस्सा लिया था । यह गौरवान्वित अवसर है जब विवेक कुमार तिवारी ने अपने कविता और गीत लेखन से ज़िले और देश का नाम पुनः रोशन किया है। गत सितंबर भी हिंदी दिवस के अवसर आयोजित कविता लेखन प्रतियोगिता में विवेक तिवारी को गल्फ क्षेत्र में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ था । आपको बता दें कि बिड़ला पब्लिक स्कूल दोहा, क़तर में अध्यापक के रूप में कार्यरत तिवारी लेखन कार्यों से भी जुड़े हैं तथा इसी माह इनकी दूसरी पुस्तक (काव्य संग्रह) ‘श्रेष्ठ अभिव्यक्ति’ प्रकाशित हुई है ।इस सफलता पर पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है लोगों ने बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं ।




