मऊ : दुर्घटना बाहुल्य लाखीपुर स्पॉट का एसडीएम ने किया आकस्मिक निरीक्षण

सतीश कुमार पांडेय
मऊ /घोसी। स्थानीय क्षेत्र के लाखीपुर स्थित दुर्घटना बाहुल्य स्पॉट का उपजिलाधिकारी अशोक कुमार सिंह ने बुधवार की देर रात्रि आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर सड़क की स्थिति, यातायात व्यवस्था, संकेतक बोर्ड, मोड़ की बनावट तथा दुर्घटनाओं के संभावित कारणों की गहन जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बताया कि लाखीपुर क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं, जिन्हें रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाने की आवश्यकता है। एसडीएम अशोक कुमार सिंह ने दुर्घटनाओं के कारणों को चिन्हित करते हुए सुरक्षा उपायों को लेकर एक विस्तृत आख्या तैयार कर संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रेषित की। उन्होंने सड़क किनारे आवश्यक संकेतक लगाने, स्पीड ब्रेकर निर्माण, प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने तथा अन्य सुरक्षात्मक उपायों को शीघ्र अमल में लाने के निर्देश दिए, जिससे भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
निरीक्षण के उपरांत उपजिलाधिकारी अशोक कुमार सिंह ने नगर क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से स्थानीय पुलिस बल के साथ चक्रमण भी किया। इस दौरान उन्होंने संवेदनशील स्थानों का जायजा लेते हुए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने तथा आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। कहा कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।एसडीएम के इस निरीक्षण से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और उम्मीद जताई कि जल्द ही दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए ठोस कार्रवाई देखने को मिलेगी।इस अवसर पर एसडीएम अशोक कुमार सिंह,नायब तहसीलदार अभिषेक वर्मा ,प्रभारी निरीक्षक प्रमेंद्र कुमार सिंह,रत्नाकर सिंह आदि उपस्थित रहे।




