Slide 1
Slide 1
विदेश

काठमांडू:भारत ने चुनावी तैयारियों के लिए नेपाल को भेंट किए 60 पिक-अप वाहन

काठमांडू। भारत ने एक बार फिर एक ‘अच्छे पड़ोसी’ का फर्ज निभाते हुए नेपाल को उसके आगामी आम चुनावों के लिए बड़ी मदद भेजी है। भारत ने नेपाल में पांच मार्च को होने वाले चुनावों के लिए 20 जनवरी को नेपाल सरकार को 60 पिक-अप गाड़ियां और अन्य आवश्यक चुनावी सामग्री तोहफे में दी हैं। भारत कुल मिलाकर 650 गाड़ियां और अन्य जरूरी सामान देने वाला है। यह 60 गाड़ियां उसी मदद का पहला हिस्सा हैं। काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास के प्रभारी डॉ. राकेश पांडे ने नेपाल के गृह मंत्री ओम प्रकाश आर्यल को ये खेप सौंपीं। भारतीय दूतावास ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि नेपाल सरकार ने चुनाव के लिए भारत से सहायता मांगी थी। भारत ने जो गाड़ियां और सामान दिया है, वह उसी मांग को पूरा करने के लिए है।
भारतीय दूतावास ने एक बयान में कहा गृह मंत्री ओम प्रकाश आर्यल ने उपहार में दी गई गाड़ियों और सामान के लिए भारत सरकार और भारत के लोगों को धन्यवाद दिया। उन्होंने भारत और नेपाल के बीच संबंधों की गहरी और व्यापक प्रकृति की भी सराहना की।

दूतावास ने कहा नेपाल सरकार के अनुरोध पर भारत 2008 से नेपाल को चुनाव से संबंधित सहायता प्रदान कर रहा है। इसमें लगभग 2,400 गाड़ियां शामिल हैं, जो भारत सरकार द्वारा नेपाल में विभिन्न मंत्रालयों और विभागों, जिसमें चुनाव आयोग भी शामिल है, को उपहार में दी गई हैं। आगामी चुनावों के लिए, भारत द्वारा प्रदान की गई सहायता में लगभग 650 गाड़ियां शामिल हैं, जिन्हें अगले कुछ हफ्तों में अलग-अलग बैचों में पहुंचाया जाएगा।‌बता दें कि भारत अपनी ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति के तहत विभिन्न क्षेत्रों में नेपाल की निरंतर सहायता करता रहा है। भारतीय पक्ष से चल रहा सहयोग और समर्थन न केवल दोनों देशों के बीच मौजूद बहुआयामी और बहु-क्षेत्रीय विकास साझेदारी का एक उपयुक्त प्रतिबिंब है, बल्कि यह भारत और नेपाल के लोगों के बीच गहरे आपसी विश्वास और दोस्ती का भी प्रतीक है।
(रिपोर्ट. शाश्वत तिवारी)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button