लखनऊ : पत्रकारों की सुरक्षा सरकार और समाज की जिम्मेदारी – कलराज मिश्र

डॉ एके राय
लखनऊ।पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पत्रकार सुरक्षा कानून को लागू कराने की मांग को लेकर जर्नलिस्ट काउंसिल ऑफ़ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डाॅ. अनुराग सक्सेना ने हिमाचल प्रदेश एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र से भेंट कर पत्रकार समस्याओं पर पर विस्तृत एवं सार्थक वार्ता की। जेसीआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष डाॅ. अनुराग सक्सेना ने बताया कि बैठक में पत्रकारों के समक्ष उत्पन्न हो रही चुनौतियों, बढ़ती असुरक्षा, हमलों और फर्जी मामलों व मुकदमों जैसे गंभीर विषयों पर गहन चर्चा की गई। पत्रकार सुरक्षा कानून की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए डाॅ. अनुराग सक्सेना ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को मजबूत करने के लिए पत्रकारों को कानूनी संरक्षण देना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि देश के विभिन्न हिस्सों में पत्रकारों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए उत्पीड़न, धमकी और हिंसा का सामना कर रहा है जिससे निष्पक्ष पत्रकारिता प्रभावित हो रही है। पूर्व राज्यपाल ने संगठन की मांगों को गंभीरता से सुना और पत्रकारों की भूमिका को लोकतंत्र की आधारशिला बताते हुए कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार और समाज दोनों की जिम्मेदारी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जर्नलिस्ट काउंसिल ऑफ़ इंडिया द्वारा उठाए गए इस महत्वपूर्ण मुद्दे को वे केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष पूरी मजबूती के साथ प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने कहा कि पत्रकार सुरक्षा कानून समय की आवश्यकता है और इसे लागू कराने के लिए वे हरसंभव प्रयास करेंगे।
उन्होंने संगठन के प्रयासों की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि पत्रकारों के हित में सकारात्मक निर्णय शीघ्र लिए जाएंगे। बैठक को पत्रकार हितों की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। आशा व्यक्त की जा रही है कि इसके सार्थक परिणाम मिलेंगे, जिससे आने वाले समय में पत्रकार सुरक्षा कानून को लेकर ठोस कदम उठाए जाने की उम्मीद बढ़ी है।




